25 सितंबर को पूर्वोत्तर भारत में लाखों कंठों से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’
गुवाहाटी, 08 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रभाव एवं राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आगामी 25 सितंबर को पूर्वोत्तर भारत में ‘नमामि भारतम्’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्वोत्तर के विभिन्न स्थानों पर लाखों लोग एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों के क्रम में गुवाहाटी स्थित असम प्रकाशन भारती में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अवनीश भटनागर द्वारा लिखित पुस्तक ‘वंदे मातरम्’ के असमिया अनुवाद का विमोचन किया गया।
पुस्तक का संयुक्त रूप से विमोचन प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) राणा प्रताप कलिता, कुलपति प्रो. राघवेंद्र तिवारी, विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान की संगठन मंत्री केएन रघुनन्दन, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के मंत्री डॉ. पवन तिवारी, क्षेत्र मंत्री डॉ. जगदिंद्र राय चौधुरी तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवव्रत खनिकर ने किया।
‘नमामि भारतम्’ के तहत 25 सितंबर को पूर्वोत्तर भारत के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन आयोजित किया जाएगा। शिशु शिक्षा समिति असम के प्रचार संयोजक मुकुटेश्वर गोस्वामी ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकात्मता की भावना को जागृत एवं सुदृढ़ करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

