गुवाहाटी के फैंसी बाजार में 1 सितंबर से लागू होगा नो-वेंडर जोन
- एमएस रोड, एचबी रोड और एसएस रोड पर यातायात व पार्किंग व्यवस्था होगी नियंत्रित
गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। फैंसी बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एमएस रोड और एचबी रोड को नो-वेंडर जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया है। इन दोनों सड़कों पर यह व्यवस्था 1 सितंबर से लागू होगी।
आवास एवं शहरी कार्य मंत्री कौशिक राय ने शनिवार को कामरूप महानगर जिला आयुक्त कार्यालय के सभागार में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर नो-वेंडिंग जोन लागू करने की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में गुवाहाटी नगर निगम के महापौर मृगेन सरनिया, कामरूप महानगर के जिला आयुक्त स्वप्निल पॉल, जीएमसी आयुक्त चिन्मय प्रकाश फूकन, डीसीपी (ट्रैफिक) जयंत सारथी बोरा सहित पुलिस, जीएमसी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि एमएस रोड और एचबी रोड पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही रात 9 बजे से सुबह 7 बजे तक की अनुमति रहेगी। सार्वजनिक वाहनों की पार्किंग की भी अनुमति होगी। इसके अलावा हाथठेला और ठेला गाड़ियों को भी निर्धारित व्यवस्था के तहत संचालन की अनुमति दी जाएगी।
एसएस रोड पर भी इसी प्रकार के प्रावधान लागू किए जाएंगे, हालांकि वहां नो-वेंडर जोन व्यवस्था लागू करने की तारीख बाद में तय की जाएगी।
मंत्री कौशिक राय ने अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य फैंसी बाजार को अधिक व्यवस्थित, सुगम और सुरक्षित बनाना है, ताकि यातायात का प्रवाह बेहतर हो, पैदल यात्रियों को सुविधा मिले और व्यावसायिक गतिविधियों का भी सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

