असम-मेघालय सीमा विवाद पर कोई टकराव नहीं : हिमंत बिस्व सरमा
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम और मेघालय के बीच सीमा विवाद को लेकर किसी प्रकार का तनाव या टकराव नहीं है। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच संवाद लगातार जारी है और किसी भी मुद्दे का समाधान आपसी मित्रता और बातचीत के जरिए तुरंत किया जाता है। मुख्यमंत्री आज एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
मेघालय के जोवाई में बेहदीनख्लाम महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि वह नियमित रूप से मेघालय के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मुलाकात करते हैं तथा दोनों सरकारें शेष छह विवादित क्षेत्रों के समाधान के लिए भी बातचीत की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी लंबित मुद्दों का समाधान आपसी सहमति से होगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

