राइजर दल और कांग्रेस के बीच अब तक नहीं हुआ गठबंधन: अखिल गोगोई
नंगाव (असम), 25 फरवरी (हि.स.)। विधायक अखिल गोगोई ने कहा है कि उनकी पार्टी राइजर दल और कांग्रेस के बीच अभी तक किसी प्रकार का गठबंधन तय नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव नजदीक हैं और अब इस मुद्दे पर स्थिति साफ हो जानी चाहिए।
बुधवार को धिंग में पत्रकारों से बातचीत करते हुए गोगोई ने बताया कि उनकी पार्टी धिंग, नाओबोइचा, बरसोला, दिसपुर और डिमौ सहित कुल 12 सीटों पर दावा कर रही है। उन्होंने कहा, “यदि हमें हमारी मांग की गई 12 सीटें मिलती हैं तो गठबंधन हो सकता है, अन्यथा नहीं।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि यदि ऊपरी असम में राइजर दल अकेले चुनाव लड़ता है तो कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाएगी। गोगोई ने कहा कि अल्पसंख्यक बहुल 24 सीटों पर उनकी पार्टी के पास मजबूत उम्मीदवार मौजूद हैं।
समय की कमी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कांग्रेस से जल्द यह स्पष्ट करने की मांग की कि गठबंधन होगा या नहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

