गौरव गोगोई पर नितुल दास का तीखा हमला, निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव
शोणितपुर (असम), 22 मार्च (हि.स.)। पूर्व कांग्रेसी नेता नितुल दास ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद गौरव गोगोई पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग को लेकर सबसे ज्यादा राजनीति की है। दास ने यह भी घोषणा की कि कांग्रेस से टिकट नहीं मिलने के बाद वह आसन्न चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में लड़ेंगे।
नितुल दास ने आरोप लगाया कि असम में कांग्रेस के खिलाफ असंतोष बढ़ता जा रहा है, खासकर बराक घाटी में पार्टी के विरुद्ध विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने टिकट वितरण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि नामांकन के नाम पर धन संग्रह किया गया और विवादित नेताओं को उम्मीदवार बनाया गया।
इस बीच, सरूपथार में “गौरव गोगोई गो बैक” और “गौरव गोगोई मुर्दाबाद” जैसे नारे लगे, जिससे जन आक्रोश स्पष्ट रूप से सामने आया। टेंगानी में भी इसी तरह के विरोध प्रदर्शन हुए, जिससे क्षेत्र का राजनीतिक माहौल और अधिक गरमा गया।
दास ने कहा कि वह पहले एजेपी उम्मीदवार जीवन चुतिया के समर्थन में प्रचार कर चुके हैं, लेकिन अब कांग्रेस नेतृत्व द्वारा उन्हें नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं रिपुन बोरा और रकिबुल हुसैन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में ऐसा माहौल बना दिया गया है, जहां कोई स्वाभिमानी असमिया टिक नहीं सकता।
वहीं, शोणितपुर जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष दादुल बरकाकती ने भी पार्टी छोड़ने के बाद गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि टिकट के लिए खुले तौर पर पैसा देने के बावजूद उन्हें उम्मीदवार नहीं बनाया गया। बरकाकती ने गौरव गोगोई को “लोराराजा” करार देते हुए कहा कि कांग्रेस आंतरिक कलह और नेतृत्व संकट से कमजोर हो चुकी है।
इन घटनाक्रमों से असम में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर गहराते मतभेद साफ तौर पर सामने आ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

