केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री ने लिए मा कामाख्या की आशीर्वाद।
गुवाहाटी, 02 अप्रैल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता नितिन गड़कारी ने गुरुवार को असम दौरे के दौरान मां कामाख्या के दर्शन कर आशीर्वाद लिए। मंदिर पहुंचने पर उन्होंने विधि-विधान के साथ विशेष पूजा-अर्चना की और देश की समृद्धि व जनता के कल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर में गडकरी की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया। गडकरी के दर्शन को धार्मिक आस्था के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी असम में भाजपा के चुनाव प्रचार को धार देने के उद्देश्य से राज्य के दौरे पर हैं। अपने कार्यक्रम के तहत उन्होंने पलाशबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार हिमांशु शेखर वैश्य के समर्थन में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने अपने संबोधन में केंद्र सरकार की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को रेखांकित करते हुए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
मंदिर में दर्शन के बाद गडकरी मध्य गुवाहाटी के फैंसी बाजार क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी विजय गुप्ता के समर्थन में आयोजित चुनावी कार्यक्रम में भाग लेकर रवाना हो गये। गडकरी का यह दौरा असम में भाजपा के चुनावी अभियान को गति देने के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

