नाहरकटिया में लगी भयावह आग, नौ आवासीय क्वार्टर जलकर राख
डिब्रूगढ़ (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नाहरकटिया स्थित जयपुर में शनिवार को लगी भयावह आग में तिलैजान टी फैक्ट्री के आवासीय क्षेत्र के नौ क्वार्टर पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट होने का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की लपटें तेजी से फैल गईं और देखते ही देखते आवासीय क्षेत्र के नौ क्वार्टरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता के कारण संबंधित आवासों को भारी नुकसान पहुंचा और वहां रखा घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। अग्निशमन कर्मियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग लगने के कारण प्रभावित परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों और कुल क्षति का विस्तृत आकलन अभी सामने नहीं आया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

