मणिपुर में एसडीपीओ हत्या मामले में मुख्य आरोपित गिरफ्तार
गुवाहाटी, 01 मई (हि.स.)। नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) ने मणिपुर में वर्ष 2023 में हुए सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर (एसडीपीओ) चिंगथम आनंद कुमार सिंह की हत्या मामले में एक मुख्य आरोपित को गिरफ्तार किया है।
एनआईए की ओर से आज जारी बयान के अनुसार, आरोपित ओत्खोथांग बाईटे, जो मणिपुर के तेंगनौपाल जिले के मोरेह का निवासी है, संदिग्ध कुकी उग्रवादियों द्वारा 31 अक्टूबर, 2023 को एक खेल मैदान में जिला पुलिस टीम पर किए गए हमले की साजिश में शामिल था। यह घटना राज्य में जातीय हिंसा के चरम् के दौरान हुई थी।
हमले के दौरान उग्रवादियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की, जिसमें एसडीपीओ सिंह के पेट में गोली लगी और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। इस मामले को पहले मोरेह पुलिस ने दर्ज किया था, जिसे मार्च 2024 में एनआईए ने अपने हाथ में लिया।
जांच के दौरान एनआईए को पता चला कि इस हमले की साजिश मणिपुर में आतंक फैलाने के उद्देश्य से रची गई थी। इस महीने की शुरुआत में एनआईए ने इस मामले में एक अन्य आरोपी कामगिनथांग गांगटे को भी गिरफ्तार किया था। मामले (आरसी-02/2024/एनआईए/आईएमपी) की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

