सत्रह घंटे से अधिक समय से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर यातायात प्रभावित
गुवाहाटी, 13 जूलाई (हि.स.)। असम की राजधानी के बाहरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर बीते 17 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, बावजूद हजारों वाहन जाम में फंसे हुए हैं। यातायात पुलिस यातायात सुचारू रूप से चालू करने के लिए पिछले 17 घंटों से लगातार कोशिश कर रही है।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर जगह-जगह हुए जल जमाव, कीचड़, पानी में डूबने की वजह से खराब हुए वाहन और एक जगह पर हुए भूस्खलन की वजह से यातायात अभी पूरी तरह ठप है। ऊपरी असम आने-जाने वाली और गुवाहाटी की ओर आने-जाने वाली सड़क पर यातायात पूरी तरह से ठप है।
रविवार दोपहर के समय से हुई मूसलाधार बरसात की वजह से बीती रात को नौ माईल में स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के ग्रुप सेंटर के गेट नंबर 1 के पास चाहरदीवार गिरने की वजह से गुवाहाटी से जोराबाट की ओर आने वाली राष्ट्रीय राजमार्ग प्रभावित हो गई। चाहरदीवार का मालवा और पहाड़ की लाल मिट्टी आने की वजह से यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर जोराबाट पुलिस, जोराबाट यातायात पुलिस, अग्निशमन की टीम और एसडीआरएफ की टीम मलबे को राष्ट्रीय राजमार्ग से हटाने की पूरी कोशिश कर रही रही है। जल जमाव की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर अंतिम सूचना मिलने तक यातायात पूरी तरह से ठप था।
भूस्खलन के समय राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन की आवाजाही जाम की वजह से रूकी हुई थी। बताया जा रहा है कि अगर वाहनों की आवाजाही प्रतिदिन की तरह जारी रहती तो कई वाहन इसकी चपेट में आ जाते। हालांकि, कुछ वाहन मालवे की चपेट में आते-आते बाल-बाल बच गए।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

