home page

असम के दीमा हसाओ में निर्माणाधीन एनएच-27 पुल ढहा, एक घायल

 | 
असम के दीमा हसाओ में निर्माणाधीन एनएच-27 पुल ढहा, एक घायल


दीमा हसाओ (असम), 22 फरवरी (हि.स.)। असम के पहाड़ी जिला दीमा हसाओ में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर निर्माणाधीन एक पुल अचानक ढह गया, जिससे एक श्रमिक घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने सोमवार को बताया कि घटना हरंगाजाओ थाना क्षेत्र के डोलाई चुंगा इलाके में हुई।

जानकारी के अनुसार यह पुल एनएच-27 के न्रिम्बांगलो–हरंगाजाओ खंड पर चल रहे निर्माण कार्य का हिस्सा था। इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का कार्य डीआरए कंपनी द्वारा किया जा रहा था। हादसे के समय पुल का निर्माण कार्य जारी था।

प्रारंभिक सूचना के मुताबिक पुल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे कंक्रीट और निर्माण सामग्री नीचे आ गिरी। मौके पर मौजूद एक श्रमिक को चोटें आईं, जिसका उपचार किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुल ढहने के कारणों का पता लगाने के लिए प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और विस्तृत जांच की प्रक्रिया जारी है।

न्रिम्बांगलो–हरंगाजाओ खंड दीमा हसाओ जिले के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि दुर्गम भू-भाग के कारण यहां लंबे समय से संपर्क व्यवस्था चुनौतीपूर्ण रही है। यह परियोजना राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क अवसंरचना को मजबूत करने के व्यापक प्रयासों का हिस्सा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश