home page

पांच ट्रेनों में बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाओं की शुरूआत करने वाला पूसीरे दूसरा जोन बना

 | 
पांच ट्रेनों में बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाओं की शुरूआत करने वाला पूसीरे दूसरा जोन बना


गुवाहाटी, 11 अक्तूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने पांच चयनित ट्रेनों में बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाएं शुरू की हैं। इन सेवाओं की शुरूआत करने वाला यह भारतीय रेल का दूसरा ज़ोनल रेलवे बन गया है। इन सेवाओं को 10 अक्टूबर को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर पूसीरे के प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (पीसीएमई) और रेलवे के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में औपचारिक रूप से शुरू किया गया। तकनीक आधारित हाउसकीपिंग सेवाएं एसएमसी इंटीग्रेटेड फैसिलिटी मैनेजमेंट सॉल्यूशंस लिमिटेड द्वारा लागू की जा रही हैं। इसके लिए चयनित ट्रेनों में समर्पित टीमें तैनात की गई हैं, जो पूरी यात्रा के दौरान निरंतर सफाई, बेहतर स्वच्छता और यात्रियों की शिकायतों का तुरंत समाधान सुनिश्चित करेंगी।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि बेहतर की गई सेवाओं में पांच ट्रेनों का चयन किया गया है, जिनमें 14 अक्टूबर से कामाख्या-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12552/12551), 10 अक्टूबर से गुवाहाटी-कोलकाता गरीब रथ एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12518/12517), 11 अक्टूबर से डिब्रूगढ़-मुंबई एलटीटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15946/15945), 10 अक्टूबर से न्यू जलपाईगुड़ी-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22233/22234) और 10 अक्टूबर से न्यू जलपाईगुड़ी-गुवाहाटी वंदे भारत एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22227/22228) में शुरू हो रही है।

बेहतर ऑन-बोर्ड सेवाओं से कोच और एसी की खिड़कियों की नियमित सफाई, वॉशरूम की बेहतर सफाई, कचरे का सही प्रबंधन और समय पर लिनेन वितरण तथा इकट्ठा करने का कार्य सुनिश्चित होगा। समर्पित टीमें बुनियादी तकनीकी सहायता प्रदान करेगी, पानी की उपलब्धता पर नज़र रखेंगी और यात्रियों की शिकायतों का दो घंटे के भीतर समाधान करेंगी। यदि कोई समस्या हल नहीं हो पाती है, तो उसे संबंधित रेल अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। सेवा की गुणवत्ता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए, इस पहल में डिजिटल मॉनिटरिंग, जियो-टैग्ड सेवा की जांच, स्टाफ़ की ट्रैकिंग और एक केंद्रीयकृत मॉनिटरिंग सिस्टम शामिल है। यात्रियों से प्राप्त रियल-टाइम फ़ीडबैक, स्टार रेटिंग और एआई-आधारित सफाई का आकलन परफॉर्मेंस को बेहतर ढंग से जांचने में मदद करेगा, जिससे सफाई, यात्रियों के आराम और यात्रा के कुल अनुभव में बेहतर सुधार होगा।

स्थानीय कारीगरी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्वोत्तर क्षेत्रीय विकास मंत्रालय के तहत एनईडीएफआई की मदद से ऑन-बोर्ड सर्विस स्टाफ के लिए यूनिफॉर्म स्थानीय बुनकरों द्वारा तैयार की गई हैं।

इस पहल के ज़रिए, पूसीरे का उद्देश्य ऑन-बोर्ड सफाई को बेहतर बनाना, स्वच्छता मानकों को सुधारना और यात्रियों की संतुष्टि को बढ़ाना है। तकनीक-आधारित हाउसकीपिंग, डिजिटल मॉनिटरिंग और तत्काल प्रतिक्रिया देने वाली सेवाओं को एक साथ लाने से यात्रियों के लिए रेल यात्रा का अनुभव अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय