पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने शुरू किया तीन माह का सतर्कता जागरूकता अभियान
गुवाहाटी, 20 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह से पहले, सतर्कता जागरूकता पर तीन माह व्यापी अभियान शुरू किया है। यह अभियान 17 अगस्त से 18 नवंबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक आचरण को बढ़ावा देने केसाथ-साथ जनसेवा में सतर्कता बनाए रखने के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार को बताया कि इस अभियान के तहत, पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मालीगांव स्थित पूसीरे मुख्यालय परिसर में सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। वहीं, पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल के नेतृत्व में मालीगांव स्थित महाप्रबंधक (निर्माण) कार्यालय में शपथ कार्यक्रम हुआ। सभी मंडलों के मंडल रेल प्रबंधकों के साथ-साथ पूरे पूसीरे परिवार के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी सत्यनिष्ठा की शपथ ली। इस शपथ का उद्देश्य कामकाज के सभी क्षेत्रों में ईमानदारी और पारदर्शिता लाना है, ताकि काम के माहौल समेत जीवन के हर पहलू से भ्रष्टाचार को खत्म किया जा सके। वर्ष 2026 के सतर्कता जागरूकता सप्ताह का मुख्य विषय सत्यनिष्ठा से समृद्धि है।
जागरूकता अभियान के तहत, पूसीरे मुख्यालय परिसर से एक वॉकथॉन/सतर्कता जागरूकता पदयात्रा भी निकाली गयी, जिसमें रेल अधिकारियों के साथ-साथ पूसीरे के स्काउट्स और गाइड्स ने भी हिस्सा लिया। रेलवे में कामकाज के सभी स्तरों पर ईमानदारी, पारदर्शिता, सतर्कता और जवाबदेही की संस्कृति को मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही सभी संबंधित लोगों को पारदर्शी और भ्रष्टाचार-मुक्त कामकाजी माहौल बनाने में उन्हें योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

