पूसीरे ने त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन बढ़ाया
-आनंद विहार-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल पांच फेरे और सांतरागाछी-नाहरलगुन स्पेशल तीन अतिरिक्त फेरे चलेगी
गुवाहाटी, 09 सितंबर (हि.स.)। आगामी त्योहारों के मौसम में यात्रियों की बढ़ती भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने दो जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन को विस्तारित करने का निर्णय लिया है। इनमें ट्रेन संख्या 04008/04007 (आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल) फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस तथा ट्रेन संख्या 08047/08048 (सांतरागाछी जंक्शन-नाहरलगुन-सांतरागाछी जंक्शन) स्पेशल शामिल हैं। रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रेनों का परिचालन निर्धारित समय-सारणी, कोच संख्या और ठहरावों के अनुरूप होगा।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार को बताया कि ट्रेन संख्या 04008 आनंद विहार टर्मिनल-जोगबनी फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 10 अक्टूबर से 7 नवंबर तक पांच फेरे लगाएगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04007 जोगबनी-आनंद विहार टर्मिनल फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस 11 अक्टूबर से 8 नवंबर तक पांच फेरे चलेगी।
यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, गोंडा, गोरखपुर जंक्शन, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया जंक्शन और फारबिसगंज समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में 20 कोच होंगे।
इसी क्रम में ट्रेन संख्या 08047 सांतरागाछी जंक्शन-नाहरलगुन स्पेशल का परिचालन 11, 18 और 25 सितंबर को तीन अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ाया गया है। वापसी में ट्रेन संख्या 08048 नाहरलगुन-सांतरागाछी जंक्शन स्पेशल 12, 19 और 26 सितंबर को तीन अतिरिक्त फेरे लगाएगी।
पूसीरे ने कहा कि इन स्पेशल ट्रेनों के विस्तारित परिचालन से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प और बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। इससे यात्रियों को भीड़ के बीच अपनी यात्रा की योजना बनाने में सुविधा मिलेगी।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

