home page

दीपावली पर त्रिपुरा में चलेंगी तीन जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें

 | 
दीपावली पर त्रिपुरा में चलेंगी तीन जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें


8 से 10 नवंबर तक अगरतला–सब्रूम और अगरतला–धर्मनगर रेलखंडों पर होगा परिचालन

गुवाहाटी, 08 नवंबर (हि.स.)। दीपावली के त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने त्रिपुरा में 8 से 10 नवंबर तक तीन जोड़ी फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है।

ये विशेष ट्रेनें अगरतला–सब्रूम और अगरतला–धर्मनगर रेलखंडों पर संचालित होंगी। इनके परिचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेंगे और त्योहारी सीजन में राज्य के विभिन्न हिस्सों के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया कि ट्रेन संख्या 05638 (अगरतला–सब्रूम) फेस्टिवल स्पेशल अगरतला से रात 7:30 बजे रवाना होकर रात 10:05 बजे सब्रूम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05637 (सब्रूम–अगरतला) रात 10:35 बजे सब्रूम से प्रस्थान कर अगले दिन रात 1:20 बजे अगरतला पहुंचेगी। यह सेवा 8 नवंबर को दोनों दिशाओं में एक-एक ट्रिप संचालित होगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 05640 (अगरतला–धर्मनगर) सुबह 5:10 बजे अगरतला से रवाना होकर सुबह 8:45 बजे धर्मनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05639 (धर्मनगर–अगरतला) सुबह 9:30 बजे धर्मनगर से प्रस्थान कर दोपहर 1:20 बजे अगरतला पहुंचेगी। यह सेवा 9 और 10 नवंबर को दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रिप संचालित होगी।

वहीं, ट्रेन संख्या 05644 (अगरतला–सब्रूम) दोपहर 2:15 बजे अगरतला से रवाना होकर शाम 4:35 बजे सब्रूम पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05643 (सब्रूम–अगरतला) शाम 5 बजे सब्रूम से प्रस्थान कर शाम 7:35 बजे अगरतला पहुंचेगी। यह सेवा भी 9 और 10 नवंबर को दोनों दिशाओं में दो-दो ट्रिप संचालित होगी।

पूसीरे के अनुसार, इन अतिरिक्त रेल सेवाओं का उद्देश्य त्योहारी सीजन में नियमित ट्रेनों पर यात्रियों का दबाव कम करना और त्रिपुरा में लोगों को अधिक सुगम, सुविधाजनक एवं आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय