home page

पूसीरे ने 80 से अधिक ट्रेन सेवाओं के समय में किया बदलाव

 | 
पूसीरे ने 80 से अधिक ट्रेन सेवाओं के समय में किया बदलाव


गुवाहाटी, 10 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने चालू वित्त वर्ष में अपने नेटवर्क पर चलने वाली 80 से अधिक ट्रेनों के समय में बड़ा बदलाव किया है। 30 अप्रैल से लागू नई समय-सारिणी के तहत कई मेल/एक्सप्रेस, पैसेंजर, डीएमयू और लंबी दूरी की ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान समय में संशोधन किया गया है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस बदलाव का मुख्य उद्देश्य ट्रेनों की समयबद्धता में सुधार करना, परिचालन को अधिक सुव्यवस्थित बनाना और असम सहित पूर्वोत्तर राज्यों तथा अन्य क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया है कि जिन प्रमुख ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है, उनमें ट्रेन संख्या 12087/12088 नाहरलगुन-गुवाहाटी शताब्दी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 20501/20502 आनंद विहार-अगरतला तेजस राजधानी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 12423/12424 डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15641/15642 सिलचर-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15669/15670 गुवाहाटी-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15675/15676 गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा गुवाहाटी, कामाख्या, लामडिंग, न्यू हाफलंग, बदरपुर, डिब्रूगढ़, न्यू तिनसुकिया, रंगिया, सिलचर और अगरतला जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर भी संशोधित समय लागू किया गया है।

रेलवे ने असम और त्रिपुरा में चलने वाली कई पैसेंजर और डीएमयू सेवाओं के समय में भी बदलाव किया है, ताकि विभिन्न क्षेत्रों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारू हो सके।

पूसीरे को उम्मीद है कि नई समय-सारिणी लागू होने से ट्रेनों की देरी कम होगी और नेटवर्क पर ट्रेनों के संचालन में बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सकेगा। इससे छोटी और लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को समय की बेहतर पाबंदी का लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन परिवर्तनों से प्रमुख जंक्शनों और टर्मिनलों पर ट्रेनों के बीच समन्वय बेहतर होगा और पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के संपूर्ण परिचालन तंत्र की दक्षता में भी वृद्धि होगी।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय