अब 12 और ट्रेन सेवाएं इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर दौड़ेगी
गुवाहाटी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने 16 अक्टूबर से 12 और ट्रेन सेवाओं को डीजल से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन में बदल दिया है। यह कदम अधिक स्वच्छ तथा ऊर्जा-कुशल ट्रेन परिचालन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस बदलाव के साथ, चालू वित्त वर्ष में पूसीरे में कुल 30 ट्रेन सेवाओं को इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन पर स्थानांतरित किए गए है। इससे डीजल पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण के अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने के प्रयासों को और ज्यादा मजबूती मिली है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि हाल ही में किए गए इस बदलाव में ट्रेन संख्या 15613/15614 लचित एक्सप्रेस, 15813/15814 डेकारगांव-सिलापथार एक्सप्रेस, 15895/15896 रंगिया-मुरकंगसेलेक एक्सप्रेस, 15927/15928 रंगिया-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस, 15967/15968 रंगिया-लीडो एक्सप्रेस और 15603/15604 गुवाहाटी-लीडो इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल है।
रेलवे के अनुमान के अनुसार, इस बदलाव से वार्षिक डीजल की खपत में लगभग 98.55 लाख लीटर की कमी आएगी, जिससे हर साल लगभग 140 करोड़ रुपये की बचत होगी और कार्बन डाइऑक्साइड के उत्सर्जन में भी सालाना लगभग 26,411 टन की कमी आएगी।
डीजल से इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन में इंजन बदलने की प्रक्रिया में कमी आने से यात्रियों को भी फायदा होगा। यात्रा के समय में बचत होगी और समय की पाबंदी में सुधार आएगा। इसके अलावा, इलेक्ट्रिक इंजन में हेड-ऑन जनरेशन (एचओजी) की सुविधा होती है, जिससे इंजन से ही सीधे कोचों को विद्युत आपूर्ति की जा सकती है। इससे एलएचबी रेक में लगे जनरेटर कारों में डीजल की खपत कम होती है और साथ ही शोर तथा वायु प्रदूषण को कम करने में भी मदद मिलती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

