home page

असम के कई स्टेशनों पर 19 ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव

 | 
असम के कई स्टेशनों पर 19 ट्रेनों का अतिरिक्त ठहराव


गुवाहाटी, 24 फरवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी सुदृढ़ करने के लिए असम के विभिन्न हिस्सों के चयनित रेलवे स्टेशनों पर 19 ट्रेनों के लिए अतिरिक्त ठहराव शुरू किए हैं। ये अतिरिक्त ठहराव 20 से 28 फरवरी के बीच धीरे-धीरे शुरू किए जा रहे हैं।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि 24 फरवरी से कई और महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव शुरू किए गए है। ट्रेन संख्या 15665/15666 मरियानी-गुवाहाटी-मरियानी बीजी एक्सप्रेस अब बड़पथार में भी रुकेगी। ट्रेन को बड़पथार स्टेशन पर सांसद कामाख्या प्रसाद तासा ने औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाई। उन्होंने रेल अधिकारियों और स्थानीय यात्रियों की मौजूदगी में इस बेहतर सेवा के लिए ट्रेन को हरी झंडी दिखाई और इस क्षेत्र के लिए बेहतर कनेक्टिविटी के महत्व पर ज़ोर दिया। ट्रेन संख्या 15625 देवघर-अगरतला एक्सप्रेस को होजाई में ठहराव दिया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 13175 सियालदह-सिलचर कंचनजंगा एक्सप्रेस लंका में भी रुकेगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 13181/13182 कोलकाता–शिलघाट टाउन–कोलकाता एक्सप्रेस का सेनचोवा में ठहराव प्रदान किया गया है।

25 फरवरी से ट्रेन संख्या 15665/15666 गुवाहाटी-मरियानी-गुवाहाटी एक्सप्रेस, ट्रेन संख्या 15928 न्यू तिनसुकिया-रंगिया एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15615/15616 गुवाहाटी-सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस जमुनामुख में रुकेंगी। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 15615/15616 गुवाहाटी-सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस को चापरमुख और कामपुर में अतिरिक्त ठहराव दिए गए हैं। ट्रेन संख्या 15611 रंगिया-सिलचर एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ अवध असम एक्सप्रेस लंका में भी रुकेंगी।

26 फरवरी और उसके बाद से कुछ और ट्रेन जैसे ट्रेन संख्या 15612 सिलचर-रंगिया एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15910 लालगढ़-डिब्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस लंका में, जबकि ट्रेन संख्या 15927 रंगिया-न्यू तिनसुकिया एक्सप्रेस जमुनामुख में रुकेगी। इसके अलावा, अगरतला-देवघर एक्सप्रेस का अतिरिक्त ठहराव होजाई में दिया जाएगा।

वहीं, 20 फरवरी से ट्रेन संख्या 15615/15616 गुवाहाटी-सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस को शालचापरा में अतिरिक्त ठहराव प्रदान दिया गया है। 21 फरवरी से, ट्रेन संख्या 15669/15670 गुवाहाटी-डिब्रूगढ़-गुवाहाटी एक्सप्रेस को कामपुर में ठहराव के लिए शेड्यूल जारी किया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 15611/15612 रंगिया-सिलचर-रंगिया एक्सप्रेस को जागीरोड में ठहराव दिया गया है।

22 फरवरी से ट्रेन संख्या 15603/15604 गुवाहाटी-लीडो-गुवाहाटी एक्सप्रेस को कामपुर में अतिरिक्त ठहराव दिया गया है और ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सাयरंग एक्सप्रेस को काटाखाल में ठहराव दिया गया है। 23 फरवरी से, ट्रेन संख्या 13176 सिलचर-सियालदह कंचनजंगा एक्सप्रेस का लंका में ठहराव दिया गया है, जबकि ट्रेन संख्या 15417/15418 अलीपुरद्वार-सिलघाट टाउन-अलीपुरद्वार राज्यरानी एक्सप्रेस का आमोनी में ठहराव दिया गया है। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 13126 कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15609/15610 गुवाहाटी-सायरंग-गुवाहाटी एक्सप्रेस के लिए क्रमशः काटाखाल और काटलीछड़ा में ठहराव दिया गया है। इसके अलावा, ट्रेन संख्या 15663/15664 अगरतला-सिलचर-अगरतला एक्सप्रेस को सुप्राकान्दि स्टेशन पर ठहराव का शेड्यूल किया गया है।

इन अतिरिक्त ठहरावों से दैनिक यात्रियों, लंबी दूरी के यात्रियों और पूरे जोन में क्षेत्र वासियों के बेहतर पहुंच एवं कनेक्टिविटी में सुधार से काफ़ी लाभ होने की उम्मीद है। एनएफआर यात्रियों की सुविधाओं को बढ़ाने और बढ़ती परिवहन जरूरतों को पूरा करने को प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय