स्वतंत्रता दिवस से पहले पूसीरे ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की
गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) के रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने पूरे जोन में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। यात्रियों, ट्रेनों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे स्टेशनों, ट्रेनों और रेलवे परिसरों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
रेसुब जवानों द्वारा व्यापक गश्त और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं। संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में व्यापक जांच एवं तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। यात्री क्षेत्रों, प्रतीक्षालयों, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जांच की जा रही है। प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की सहायता से यात्रियों के सामान, लावारिस वस्तुओं और संवेदनशील क्षेत्रों की भी गहन जांच की जा रही है।
महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की रणनीतिक तैनाती की गई है। नियमित सार्वजनिक घोषणाओं के माध्यम से यात्रियों को सतर्क रहने और किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की तत्काल रेलवे अधिकारियों को सूचना देने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
पूसीरे ने जोन के सभी रेसुब कर्मियों को हाई अलर्ट पर रहने और आवश्यकता पड़ने पर अन्य सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था एजेंसियों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया है। यात्रियों से भी सतर्क रहने, अनजान लोगों से कोई वस्तु स्वीकार नहीं करने और सुरक्षा जांच के दौरान जवानों का सहयोग करने की अपील की गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान यात्रियों की सुरक्षित, सुगम और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

