राष्ट्रव्यापी स्वच्छता और जागरूकता पहलों के साथ पूसीरे मना रहा 'स्वच्छता ही सेवा 2026'
गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने मालीगांव स्थित महाप्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित डॉ. भूपेन हजारिका सभागृह में आयोजित स्वच्छता शपथ ग्रहण समारोह के साथ स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत विषय के तहत स्वच्छता ही सेवा 2026, स्वच्छता पखवाड़ा 2026 और विशेष अभियान 6.0 की शुरुआत की। पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने पूसीरे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इस समारोह में भाग लिया और स्वच्छता, साफ-सफाई तथा सक्रिय जनभागीदारी के प्रति पूसीरे की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए स्वच्छता की शपथ ली।
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान 17 सितंबर, 2026 से शुरू हो रहा है, जिसके तहत पूरे पूसीरे में साफ-सफाई, स्वच्छता और जागरूकता गतिविधियों की एक श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इस अभियान का समापन 2 अक्टूबर, 2026 को स्वच्छ भारत दिवस मनाने के साथ होगा। यह अभियान स्टेशनों, ट्रेनों, कारखानों, रेल कॉलोनियों, कार्यालयों और अन्य रेल प्रतिष्ठानों में चलाया जाएगा, जिसमें साफ-सफाई, स्थिरता, स्वच्छता और जन जागरूकता पर विशेष जोर दिया जाएगा।
पूरे अभियान के दौरान, पूसीरे द्वारा स्वच्छोत्सव के तहत गतिविधियों की एक विस्तृत श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इनमें स्टेशन परिसरों, पटरियों, रेल कॉलोनियों और कार्यालयों में सघन स्वच्छता अभियान; यात्रियों और स्थानीय समुदायों के लिए जागरूकता अभियान; रेल कर्मचारियों के लिए संवाद सत्र और कार्यशालाएं; स्वच्छता की शपथ और अनुपयोगी सामग्रियों की पहचान, पृथक्करण तथा निपटान के लिए विशेष पहल शामिल होंगे।
पूसीरे (निर्माण संगठन) भी इस अभियान में हिस्सा ले रहा है। पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कार्यालय परिसर में स्वच्छता की शपथ ली। निर्माण संगठन के अधीन विभिन्न कार्यालयों और परियोजना स्थलों पर इसी तरह की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सभी पांचों मंडल—कटिहार, अलीपुरद्वार, रंगिया, लामडिंग और तिनसुकिया के रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों और अन्य परिसरों में स्वच्छता अभियान तथा जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी शपथ ग्रहण तथा जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से इसमें भाग ले रहे हैं, जबकि यात्रियों और आम जनता को भी इस अभियान में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि स्वच्छ और साफ-सुथरे रेल परिसरों के लिए सामूहिक जिम्मेदारी को बढ़ावा दिया जा सके।
यह अभियान जागरूकता गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों, रेल कर्मचारियों और स्थानीय समुदायों के सदस्यों की व्यापक भागीदारी को भी प्रोत्साहित करेगा। इस तरह के पहल इस संदेश को सुदृढ़ करने में मदद करेगी कि रेल परिसरों की स्वच्छता एक सामूहिक जिम्मेदारी है, जिसके लिए नियमित भागीदारी और जागरूकता की आवश्यकता है।
पूसीरे अपने मुख्यालय, पांच मंडल और निर्माण संगठन के समन्वित भागीदारी से 'स्वच्छता ही सेवा 2026' को एक सामूहिक स्वच्छता और जागरूकता अभियान आयोजित कर रहा है, जिसका उद्देश्य स्वच्छता के तौर-तरीकों को सुदृढ़ करना और निरंतर जन भागीदारी को बढ़ावा देना है। 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस तक चलने वाली गतिविधियां रेल परिसरों को स्वच्छ, साफ-सुथरा और सस्टेनेबल बनाए रखने के महत्व को और अधिक सुदृढ़ करेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

