पूसीरे ने प्रमुख स्टेशनों पर स्मार्ट ऑनलाइन लिफ्ट मॉनिटरिंग सिस्टम लागू की
गुवाहाटी, 30 जून (हि.स.)। डिजिटल नवाचार के माध्यम से यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने रंगिया मंडल के अधीन प्रमुख स्टेशनों पर लिफ्ट की ऑनलाइन निगरानी के लिए भारतीय रेलवे नेटिव आईओटी आधारित यील्ड एनालिसिस, टेलीमेट्री, रिकॉर्डिंग एंड कंट्रोल (आईआर-नियंत्रक) प्रणाली को सफलतापूर्वक लागू किया है। सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (क्रिस) द्वारा विकसित, इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी)पर आधारित यह प्लेटफॉर्म लिफ्ट के संचालन की केंद्रीकृत और रियल-टाइम निगरानी को सक्षम बनाता है, जिससे बेहतर विश्वसनीयता, सुरक्षा और कार्य संबंधी दक्षता सुनिश्चित होती है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि भारतीय रेलवे नेटिव आईओटी आधारित यील्ड एनालिसिस, टेलीमेट्री, रिकॉर्डिंग एंड कंट्रोल प्रणाली लिफ्ट की संचालन स्थिति की निरंतर निगरानी करती है। किसी भी खराबी या संचालन संबंधी असामान्यताओं का तुरंत पता लगाती है और अनुरक्षण कर्मियों के लिए रियल-टाइम अलर्ट उत्पन्न करती है।यह स्मार्ट निगरानी प्लेटफॉर्म खराबी के त्वरित निदान, सेवाओं को तेजी से बहाल करने और व्यवस्थित निवारक रखरखाव की सुविधा प्रदान करता है, जिससे निष्क्रियता का समय कम होता है और यात्रियों के लिए सुरक्षित, विश्वसनीय और निर्बाध लिफ्ट सेवाएं सुनिश्चित होती हैं।यह प्रणाली डेटा-संचालित संपत्ति प्रबंधन को भी सहयोग करती है, जिससे स्टेशन के बुनियादी ढांचा की समग्र दक्षता और प्रदर्शन में वृद्धि होती है।
रंगिया मंडल के अधीन दो प्रमुख स्टेशनों के चार लिफ्टों को कवर करते हुए, इस परियोजना को 100% कार्यान्वयन के साथ सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इनमें न्यू बंगाईगांव में दो लिफ्ट और रंगिया में दो लिफ्ट शामिल हैं। इस स्मार्ट निगरानी प्रणाली की सफल स्थापन, नवाचार, संचालन उत्कृष्टता और तकनीक-सक्षम यात्री सेवाओं पर पूसीरे के निरंतर जोर को दर्शाती है। इस तरह की पहलें रेलवे स्टेशनों को निरंतरज्यादा स्मार्ट, उत्तरदायी और यात्री-अनुकूल स्थानों में बदल रही हैं, जिससे प्रत्येक यात्री को अधिक सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान करने के भारतीय रेलवे के विजन को और अधिक मजबूती मिल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

