home page

पूसीरे के जीएम ने सिलीगुड़ी में अवसंरचनात्मक विकास और यात्री सुविधाओं के कार्यों का किया निरीक्षण

 | 
पूसीरे के जीएम ने सिलीगुड़ी में अवसंरचनात्मक विकास और यात्री सुविधाओं के कार्यों का किया निरीक्षण


गुवाहाटी, 06 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने 5 सितंबर को सिलीगुड़ी के डीजल लोको शेड और सिलीगुड़ी स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरे के दौरान, उन्होंने चल रहे प्रमुख अवसंरचनात्मक विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं से जुड़े परियोजनाओं और परिचालन क्षमता बढ़ाने व यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने के अन्य प्रयासों की समीक्षा की। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक के साथ पूसीरे मुख्यालय और कटिहार मंडल के वरिष्ठ अधिकारी थे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि सिलीगुड़ी के डीजल लोको शेड में, महाप्रबंधक ने मौजूदा अवसंरचना, लोकोमोटिव मेंटेनेंस सुविधाओं और सुधार के विभिन्न कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं का सही उपयोग सुनिश्चित करते हुए मेंटेनेंस कार्यों में संरक्षा, विश्वसनीयता और क्षमता के उच्च मानकों को बरकरार रखने की आवश्यकता पर ज़ोर दिया।

सिलीगुड़ी रेलवे स्टेशन पर, चेतन कुमार श्रीवास्तव ने विकास और यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों के प्रगति की समीक्षा की और चल रही एवं भविष्य की परियोजनाओं पर संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत की। सिलीगुड़ी में कई महत्वपूर्ण कार्य चल रहे हैं, जिनमें अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन का पुनर्विकास भी शामिल है। पुनर्विकास कार्यों में एक नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण, प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर पीपी शेड की व्यवस्था और एक नए स्टेशन भवन का निर्माण शामिल है।

महाप्रबंधक ने सिलीगुड़ी – आलुआबाड़ी रोड और सिलीगुड़ी – न्यू जलपाईगुड़ी सेक्शन पर दोहरीकरण कार्यों के प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने आधुनिक और यात्री-अनुकूल रेल इंफ्रास्ट्रक्चर बनाने पर जोर देते हुए गुणवत्ता, संरक्षा और यात्री सुविधा के उच्च मानकों को सुनिश्चित करते हुए चल रहे सभी कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने की ज़रूरतों पर ज़ोर दिया।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत, महाप्रबंधक ने कामाख्या से न्यू बंगाईगांव तक 'विंडो-ट्रेलिंग' निरीक्षण भी किया। उन्होंने रेल पटरी, रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर और हाल ही में चालू हुए कार्यों के स्थिति की समीक्षा की, साथ ही इस सेक्शन पर चल रही विकासमूलक गतिविधियों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण और तत्पश्चात हुई समीक्षा बैठकों के दौरान, महाप्रबंधक ने रेल अवसंरचना को मजबूत करने और परिचालन कार्यों को बेहतर बनाने में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों की सराहना की। उन्होंने पूसीरे में परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, गुणवत्ता एवं संरक्षा मानकों का पालन करने तथा सुरक्षित, विश्वसनीय और कुशल रेल सेवाएं प्रदान करने पर निरंतर ध्यान केंद्रित करने के लिए आपसी सहयोग से किए जाने वाले प्रयासों के महत्व पर ज़ोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय