home page

पूसीरे के महाप्रबंधक ने सायरंग रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण

 | 
पूसीरे के महाप्रबंधक ने सायरंग रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण


गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने सायरंग क्षेत्र में रेल अवसंरचना और यात्रियों की सुविधाओं की समीक्षा करने के लिए सायरंग रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। उनके साथ मुख्यालय और लामडिंग मंडल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि 28 सितंबर को निरीक्षण के दौरान, महाप्रबंधक ने सायरंग रेलवे स्टेशन में कामकाज और विकास की समीक्षा की, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं, परिचालनिक दक्षता, संरक्षा व्यवस्था और स्टेशन अवसंरचना पर खास ज़ोर दिया गया। उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं और आवाजाही को सुलभ बनाने के लिए उपलब्ध की जा रही व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। संबंधित अधिकारियों ने महाप्रबंधक को स्टेशन पर मौजूद सुविधाओं, परिचालन पहलुओं और चल रहे एवं प्रस्तावित विकास कार्यों से अवगत कराया।

चेतन कुमार श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को सफाई और यात्रियों की सुविधा के उच्च मानक बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि उपलब्ध सुविधाओं का उचित ढंग से रखरखाव किया जाए। महाप्रबंधक ने स्टेशन की परिचालनिक तैयारियों की समीक्षा की और विश्वसनीय सेवा एवं अच्छी सेवा गुणवत्ता बनाए रखने के महत्व पर ज़ोर दिया।

निरीक्षण कार्यक्रम के तहत, महाप्रबंधक ने सायरंग से बइरबी तक 'विंडो-ट्रेलिंग' निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान, उन्होंनेइस सेक्शन में रेल पटरी और रेल अवसंरचना की स्थिति, विद्युतीकरण कार्य की प्रगति, शुरू की गई नई सुविधाओं और चल रहे अन्य विकास कार्यों की समीक्षा की।

इस निरीक्षण ने मिज़ोरम के लिए एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन के रूप में सायरंग के बढ़ते महत्व को देखते हुए, यात्रियों की सुविधाओं और स्टेशन अवसंरचना में और अधिक सुधार की आवश्यकता का आकलन करने का अवसर भी प्रदान किया। महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सलाह दिया कि वे यात्रियों को सुरक्षित, कुशल और आरामदायक यात्रा का अनुभव देने पर ध्यान दें और साथ ही रेलवे की संपत्तियों का सही उपयोग और रखरखाव सुनिश्चित करें।

यह निरीक्षण, पूरे क्षेत्र में रेल अवसंरचना को मज़बूत करने, यात्रियों के लिए सुविधाओं को बेहतर बनाने और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए पूसीरे की निरंतर कोशिशों का हिस्सा है। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा नियमित निरीक्षण से विकास कार्यों की प्रगति पर नज़र रखने, ध्यान देने वाले स्थानों को चिह्नित करने और यह सुनिश्चित करने में मदद मिलती है कि रेल सुविधाओं का रखरखाव तय मानकों के अनुसार हो।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय