पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का आरपीएफ बीमार यात्रियों के लिए बना सहारा, जून-जुलाई में 19 यात्रियों को समय पर मिली चिकित्सा सहायता
गुवाहाटी, 21 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) का रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब/आरपीएफ) यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने वाले यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराकर यात्री सुरक्षा और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का निरंतर परिचय दे रहा है। रेलवे अधिकारियों और स्थानीय चिकित्सा संस्थानों के साथ बेहतर समन्वय के जरिए आरपीएफ यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में यात्रियों को तत्काल राहत और उपचार मिल सके।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि 17 जुलाई को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के जवानों ने ट्रेन संख्या 15607 तिरुवनंतपुरम सेंट्रल–सिलचर अरुणई एक्सप्रेस से यात्रा कर रही एक महिला यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई। प्राथमिक कार्रवाई के तहत उन्हें एम्बुलेंस से न्यू जलपाईगुड़ी स्थित रेलवे अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उन्हें एक उच्च स्तरीय चिकित्सा केंद्र में रेफर कर दिया गया।
इसी दिन न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने ट्रेन संख्या 13174 सबरूम–सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक अन्य यात्री को भी समय पर चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई। स्टेशन पर प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने के बाद उन्हें आगे के उपचार के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीपीआरओ ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आरपीएफ लगातार सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। चिकित्सा आपात स्थिति की सूचना मिलते ही आरपीएफ के जवान रेलवे चिकित्सा अधिकारियों, स्टेशन प्रशासन और स्थानीय स्वास्थ्य सेवाओं के साथ समन्वय स्थापित कर तत्काल राहत कार्य शुरू कर देते हैं।
उन्होंने बताया कि जून 2026 के दौरान पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे क्षेत्र में कुल 12 यात्रियों को समय पर चिकित्सा सहायता प्रदान की गई। वहीं जुलाई 2026 में अब तक सात यात्रियों को आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा चुका है। यह आंकड़े यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति आरपीएफ की त्वरित प्रतिक्रिया तथा मानवीय सेवा की भावना को दर्शाते हैं।
पूसीरे ने कहा कि वह सुरक्षित, सुगम और यात्री-अनुकूल रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। रेलवे चिकित्सा अधिकारियों और अन्य विभागों के साथ समन्वित प्रयासों के माध्यम से आरपीएफ चिकित्सा आपात स्थितियों में लगातार त्वरित कार्रवाई कर रही है। इससे यात्रियों का भरोसा मजबूत होने के साथ-साथ भारतीय रेल की संवेदनशील और मानवीय कार्यशैली भी परिलक्षित होती है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

