पूसीरे की आरपीएफ ने तीन दिनों में आठ नाबालिग बच्चों को किया रेस्क्यू , 54 लाख की प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त
-कटिहार, गुवाहाटी और न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशनों से एक लड़के और सात लड़कियों को बचाया-अलग-अलग स्टेशनों पर कार्रवाई में 108.9 किलोग्राम गांजा और शराब की 423 यूनिट बरामद
गुवाहाटी, 21 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) यात्रियों की सुरक्षा और रेल नेटवर्क में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में 16 से 18 नवंबर के बीच आरपीएफ ने कटिहार, न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी रेलवे स्टेशनों से आठ नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। इनमें एक लड़का और सात लड़कियां शामिल हैं। इसके अलावा, पूसीरे के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर चलाए गए अभियानों में करीब 54 लाख रुपये मूल्य की प्रतिबंधित वस्तुएं भी जब्त की गईं।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि 17 नवंबर को आरपीएफ गुवाहाटी ने रेलवे स्टेशन से तीन नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित अभिरक्षा और उचित देखभाल के लिए गुवाहाटी चाइल्डलाइन को सौंप दिया गया।
इसी तरह, 16 और 17 नवंबर को कटिहार आरपीएफ ने अलग-अलग अभियानों में रेलवे स्टेशन से तीन नाबालिग लड़कियों और एक नाबालिग लड़के को बचाया। सभी बच्चों को सुरक्षित देखभाल के लिए कटिहार चाइल्डलाइन के सुपुर्द किया गया। वहीं, 18 नवंबर को आरपीएफ न्यू जलपाईगुड़ी ने रेलवे स्टेशन से एक नाबालिग लड़की को रेस्क्यू कर आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए जलपाईगुड़ी बाल कल्याण समिति को सौंप दिया।
सीपीआरओ ने बताया कि रेलवे नेटवर्क के माध्यम से प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी और परिवहन रोकने के लिए आरपीएफ ने एक अन्य अभियान के तहत अगरतला, लामडिंग, न्यू जलपाईगुड़ी, डिमापुर, कामाख्या और कटिहार रेलवे स्टेशनों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया। विभिन्न स्थानों से 108.9 किलोग्राम गांजा और शराब की 423 यूनिट बरामद की गईं। जब्त प्रतिबंधित वस्तुओं का कुल अनुमानित मूल्य करीब 54 लाख रुपये आंका गया है।
उन्होंने बताया कि ये समन्वित अभियान सुरक्षित रेल वातावरण सुनिश्चित करने में आरपीएफ की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाते हैं। समय पर हस्तक्षेप और बाल संरक्षण एजेंसियों के साथ समन्वय से जहां असुरक्षित बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलती है, वहीं नियमित जांच और प्रवर्तन कार्रवाई से रेल परिसरों में गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है।
पूसीरे यात्रियों की सुरक्षा मजबूत करने, असुरक्षित व्यक्तियों की रक्षा करने और रेल नेटवर्क के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए स्थानीय पुलिस, चाइल्डलाइन, बाल कल्याण समितियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार सतर्कता बरती जा रही है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

