पूसीरे में आरपीएफ ने सतर्कता और यात्री सहयोग बढ़ाया
गुवाहाटी, 22 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने अपने क्षेत्राधिकार में आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कठोर सतर्कता बरतते हुए यात्रियों की सुरक्षा एवं सहायता सुनिश्चित की है। एक के बाद एक सफल अभियानों की श्रृंखला में, रेसुब की टीमों ने प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के सामान की चोरी में शामिल कई अपराधियों को हिरासत में लिया है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि बीते 7 मार्च को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर दो व्यक्तियों को चोरी हुए लगभग 10 हजार रुपये की मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया और उन्हें कानूनी कार्रवाई के लिए गुवाहाटी जीआरपी को सौंप दिया गया। वहीं 13 और 15 मार्च को लामडिंग रेलवे स्टेशन पर दो अपराधियों को चोरी के मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया, जिनकी अनुमानित कीमत क्रमशः पांच हजार रुपये और छह हजार रुपये थीं। उन लोगों को लामडिंग जीआरपी को सौंप दिया गया। इसके अतिरिक्त, 14 मार्च को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति को लगभग 15 हजार रुपये मूल्य के चोरी का मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया और उसे गुवाहाटी जीआरपी को सौंपा गया। उपरोक्त सभी घटनाओं के लिए संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई हेतु मामला दर्ज किया गया।
अपराध रोकथाम के अलावा, रेसुब कर्मियों ने संकट में फंसे यात्रियों को भी त्वरित चिकित्सा सहायता प्रदान कराने में अपनी अहम भूमिका निभाई। बीते 9 मार्च को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर एक यात्री बीमार अवस्था में पाया गया, जो चलने में असमर्थ था। उसे तुरंत सिलीगुड़ी के सदर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। 14 मार्च को न्यू जलपाईगुड़ी के यार्ड क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति बीमार एवं घायल अवस्था में मिला, जिसे रेस्क्यू कर सिलीगुड़ी के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसी दिन, ट्रेन संख्या 15961 अप में सांस लेने में कठिनाई से पीड़ित एक अन्य यात्री को तत्काल सहायता प्रदान की गई और उसे न्यू जलपाईगुड़ी के रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया। इसके अतिरिक्त, 17 मार्च को न्यू जलपाईगुड़ी रेलवे स्टेशन पर अर्ध-चेतन अवस्था में पाई गई एक अज्ञात महिला यात्री को तुरंत सहायता प्रदान करते हुए आवश्यक इलाज के लिए रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सीपीआरओ शर्मा ने बताया है कि पूसीरे अपने यात्रियों की सुरक्षा, सहयोग और खुशहाली सुनिश्चित करने के प्रति प्रतिबद्ध है। रेसुब, रेल संपत्ति की सुरक्षा में सतर्क और सक्रिय रहते हुए निरंतर प्रयासरत हैं, साथ ही आवश्यकता पड़ने पर समय पर मानवीय सहायता भी प्रदान करने में अपनी अहम भूमिका निभाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

