रेल जन संवाद के जरिये यात्रियों से जुड़ रहा पूसीरे
गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जनभागीदारी और उत्तरादायी प्रशासन की दिशा में एक बड़ी पहल के तहत पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने गुरुवार को अपने क्षेत्राधिकार के सभी मंडलों और स्टेशनों पर ‘रेल जन संवाद अभियान’ का आयोजन किया।
रेल मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार और विशेष अभियान 6.0 के तहत आयोजित इस पहल ने एक ऐसा मंच तैयार किया है, जो रेल अधिकारियों और यात्रियों को सीधे स्टेशन परिसर में एक-दूसरे से जोड़ता है। इस कार्यक्रम ने यात्रियों को अपने यात्रा अनुभव को साझा करने, अपनी परेशानियों को बताने और सुधार के लिए सुझाव देने का अवसर प्रदान किया।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेल अधिकारियों, फ्रंटलाइन कर्मचारियों और वाणिज्य पर्यवेक्षकों की विशेष टीमें, स्टेशन के कॉनकोर्स और प्रतीक्षालय में यात्रियों से सीधी बातचीत कर रही हैं। इसका उद्देश्य ट्रेन में मिलने वाली सुविधाओं, स्टेशन की सुविधाओं और खानपान की गुणवत्ता पर यात्रियों से फीडबैक प्राप्त करना है। इस तरह की बातचीत से यात्रियों को अपनी परेशानियों या असुविधा बताने और रेल सेवाओं में सुधार के लिए सुझाव देने का एक सुलभ मंच मिलता है।
जन संवाद के दौरान प्राप्त फीडबैक को व्यवस्थित रूप से डिजिटाइज्ड कर उसकी समीक्षा की जाएगी। इससे उन मुद्दों की पहचान की जा सकेगी, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है या जिनमें विभागीय समन्वय अथवा दीर्घकालिक योजना बनाने की आवश्यकता है। यात्रियों के सुझावों को व्यावहारिक सुधारों में बदलकर इस पहल का उद्देश्य रेल सेवाओं में जवाबदेही, पारदर्शिता और जनता के विश्वास को मजबूत करना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

