home page

सिक्किम में रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री से मिले पूसीरे के महाप्रबंधक

 | 
सिक्किम में रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर मुख्यमंत्री से मिले पूसीरे के महाप्रबंधक


- सेवक-रंगपो रेल लाइन परियोजना की प्रगति से मुख्यमंत्री को कराया अवगत- जून 2028 तक परियोजना पूरी करने का लक्ष्य, 44.96 किलोमीटर लंबी रेल लाइन में बनेंगी 14 सुरंगें और 23 पुल

गुवाहाटी, 18 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे-निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने गंगटोक में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सिक्किम के सांसद डॉ. इन्द्रा हांग सुब्बा और मुख्य सचिव से मुलाकात की। इस दौरान राज्य में रेलवे अवसंरचना से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति और उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने के उपायों पर चर्चा हुई।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार को बताया कि मुख्यमंत्री के साथ मंगलवार को हुई बैठक में आशीष बंसल ने सेवक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और इसे तेजी से आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया। इसके अलावा रंगपो-सरमसा और मेली-डेटंम सर्वेक्षण कार्यों की प्रगति की जानकारी भी दी।

सीपीआरओ ने बताया कि 44.96 किलोमीटर लंबी सेवक-रंगपो रेल लाइन परियोजना रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके पूरा होने पर सिक्किम पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। हिमालय के दुर्गम भूभाग में बन रही इस रेल लाइन में 14 सुरंगों, 13 बड़े पुलों और 10 छोटे पुलों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

रेल लाइन के चालू होने से सिक्किम की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे यात्री और माल परिवहन को सुविधा मिलने के साथ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिलने की उम्मीद है।

महाप्रबंधक बंसल ने सांसद डॉ. इन्द्रा हांग सुब्बा से भी मुलाकात कर सेवक-रंगपो रेल लाइन परियोजना और मेली-डेटंम सर्वेक्षण की प्रगति की जानकारी दी। इस दौरान सिक्किम में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और इससे पर्यटन, क्षेत्रीय विकास तथा आर्थिक गतिविधियों को मिलने वाले प्रोत्साहन पर चर्चा हुई।

वहीं, राज्य के मुख्य सचिव के साथ बैठक में सेवक-रंगपो रेल लाइन परियोजना से जुड़े उन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया, जिनके समाधान के लिए राज्य सरकार के हस्तक्षेप की आवश्यकता है। परियोजना को गति देने के लिए राज्य सरकार और रेलवे के बीच बेहतर समन्वय तंत्र विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

पूसीरे (निर्माण) की ये बैठकें सिक्किम में रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार और अन्य संबंधित पक्षों के साथ समन्वय मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।--------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय