डिब्रूगढ़-सैरांग एक्सप्रेस के यात्रियों को चार घंटे में सुरक्षित निकाला गयाः पूसीरे
गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफ रेलवे) ने डिब्रूगढ़-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित निकालने और उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की। रेलवे प्रशासन ने राहत विशेष ट्रेन चलाकर सभी यात्रियों को उनके आगे के सफर के लिए रवाना किया। घटना के महज चार घंटे के भीतर सभी फंसे यात्रियों को राहत ट्रेन में बैठा लिया गया। यह ट्रेन सुबह 11.30 बजे डिगारू स्टेशन से सैरांग के लिए रवाना हुई।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि यात्रियों की तत्काल जरूरतों को ध्यान में रखते हुए घटनास्थल पर करीब 1,200 बोतल पेयजल, चाय और बिस्कुट की व्यवस्था की गई। इसके अलावा लगभग 1,200 नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। आईआरसीटीसी के माध्यम से करीब 1,800 लंच पैकेट और पेयजल पैकेट भी उपलब्ध कराए गए। राहत विशेष ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्रियों को नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन तथा पेयजल उपलब्ध कराया गया। कामाख्या रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 14620 के फंसे यात्रियों के बीच भी भोजन और पानी वितरित किया गया।
यात्रियों की सहायता के लिए रेलवे के सभी पांच मंडलों में हेल्पलाइन नंबर सक्रिय किए गए। वहीं, राहत ट्रेन से लामडिंग पहुंचने वाले यात्रियों के लिए विशेष चिकित्सा सहायता केंद्र स्थापित किया गया। रेलवे के अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत अभियान के दौरान लगातार समन्वय बनाकर यात्रियों की जरूरतों को पूरा किया। प्रभावित ट्रेन के यात्रियों ने रेलवे प्रशासन की त्वरित पहल और सहायता की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर को सुबह करीब 6.54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए लूप लाइन में प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। 22 डिब्बों वाली इस ट्रेन में करीब 782 यात्री सवार थे, जिनमें से लगभग 216 यात्री प्रभावित डिब्बों में यात्रा कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी यात्री की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली।
घटना के कारण कुछ रेल सेवाओं को रद्द करना पड़ा, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में समाप्त किया गया और कुछ का परिचालन नियंत्रित किया गया। हालांकि, एनएफ रेलवे ने युद्धस्तर पर बहाली कार्य करते हुए उसी दिन अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर परिचालन फिर से शुरू कर दिया।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया है कि एफ रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर राहत एवं बहाली कार्यों का जायजा लिया। दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। प्रभावित इंजन और डिब्बों के साथ संबंधित रेलवे अधिकारियों की प्रारंभिक जांच की जा रही है। विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की एक जांच टीम भी गठित की गई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। रेलवे ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता और असुविधा को न्यूनतम रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी

