प्रगति की नई रफ्तार: 10 वर्षों में शून्य से 100% रेलवे विद्युतीकरण तक पूर्वोत्तर भारत का सफर
गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने पूर्वोत्तर भारत में अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत 10 वर्षों से भी कम समय में 100% रेलवे विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2014 से पहले इस क्षेत्र में कोई रेलवे विद्युतीकरण नहीं था। विद्युतीकरण की पहल 2017-18 में शुरू हुई, जो रेलवे बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण और सतत परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके बाद पूसीरे के अंतर्गत आने वाले विभिन्न राज्यों में विद्युतीकरण का कार्य निरंतर आगे बढ़ा, जिससे रेल संपर्क मजबूत होने के साथ-साथ अधिक कुशल, पर्यावरण अनुकूल और विश्वसनीय रेल परिचालन का मार्ग प्रशस्त हुआ।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि पूर्वोत्तर राज्यों के सभी सक्रिय रेलवे खंडों में रेलवे विद्युतीकरण अब पूरा हो चुका है, जो पूसीरे के आधुनिकीकरण के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। वर्ष 2026-27 तक दर्ज की गई संचयी प्रगति के अनुसार, पूसीरे ने अपने क्षेत्राधिकार में कुल 4,311.96 रूट किलोमीटर (आरकेएम) का विद्युतीकरण किया है। इसमें से असम में 2,546.04 आरकेएम, पश्चिम बंगाल में987.51 आरकेएम और बिहार में 427.49 आरकेएम विद्युतिकरण किया गया है। पूसीरे ने नेटवर्क में विद्युतिकृत रेलवे बुनियादी ढांचे के व्यापक विस्तार को रेखांकित करते हुए त्रिपुरा (269.45 आरकेएम), मिजोरम (52.88 आरकेएम), अरुणाचल प्रदेश (11.67 आरकेएम), मेघालय (9.58 आरकेएम), नगालैंड (6 आरकेएम) और मणिपुर (1.35 आरकेएम) में भी विद्युतीकरण की प्रगति दर्ज की गई है।
वर्ष-दर-वर्ष के आंकड़े इस विद्युतीकरण पहल के तहत हासिल की गई निरंतर प्रगति को उजागर करते हैं। वर्ष 2023-24 के दौरान, पूसीरे ने 915.62 रूट किलोमीटर (आरकेएम) का विद्युतीकरण हासिल किया, जिसके बाद 2024-25 में 1,141.38 आरकेएम का विद्युतीकरण किया गया। वर्ष 2025-26 के दौरान, अतिरिक्त 445.66 आरकेएम विद्युतिकरण किया गया, जबकि 2026-27 में अब तक दर्ज की गई प्रगति 141.77 आरकेएम है, जो अपने विद्युतीकृत रेल नेटवर्क का विस्तार करने की एनएफआर की निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
हाल ही में, पूर्वोत्तर में विद्युतीकृत रेल कनेक्टिविटी के विस्तार में और प्रगति दर्ज करते हुए, 14.09.2026 को लामडिंग - बदरपुर खंड और 12.10.2026 को मिजोरम में बइरबी - सायरंग खंड पर रेलवे विद्युतीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया। इसके अतिरिक्त, चल रही नई रेलवे लाइन परियोजनाओं में विद्युतीकरण का काम एक साथ आगे बढ़ रहा है, जिससे यह सुनिश्चित हो रहा है कि आने वाला रेलवे बुनियादी ढांचा को भी आधुनिक, ऊर्जा-कुशल और टिकाऊ विद्युत कर्षण प्रणालियों से सुसज्जित किया किया जा सके।
ये महत्वपूर्ण उपलब्धियां रेलवे के बुनियादी ढांचे के आधुनिकीकरण, ऊर्जा-कुशल एवं हरित परिवहन को बढ़ावा देने तथा भारतीय रेलवे के ब्रॉड गेज नेटवर्क के 100% विद्युतीकरण के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में पूसीरे की प्रतिबद्धता को पुनः प्रमाणित करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

