पूसीरे मुख्यालय में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लगाई एकता की दौड़
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने शनिवार को मालीगांव स्थित अपने मुख्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव सहित वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महाप्रबंधक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। पूसीरे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल की उपस्थिति में उनके कार्यालय में भी राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इसके अलावा, पूसीरे के सभी पांच मंडलों में भी इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस मौके पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के विचारों, विजन और आदर्शों को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश को एकजुट करने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत बनाने में सरदार पटेल के नेतृत्व और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

