जोगीघोपा एमएमएलपी को जीसीटी साइडिंग से जोड़ने का काम पूरा, माल परिवहन को मिलेगी रफ्तार
गुवाहाटी, 18 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने असम के जोगीघोपा रेलवे स्टेशन यार्ड को मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) गति शक्ति कार्गो टर्मिनल (जीसीटी) साइडिंग से जोड़ने का ट्रैक लिंकिंग कार्य पूरा कर लिया है। इससे जोगीघोपा एमएमएलपी से आने-जाने वाली मालगाड़ियों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य पूरा होने के बाद जोगीघोपा स्टेशन की लाइन संख्या एक और दो को एमएमएलपी जीसीटी से जोड़ दिया गया है। इससे माल की आवाजाही अधिक सुगम और प्रभावी होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे रणनीतिक रूप से स्थित जोगीघोपा एमएमएलपी असम का पहला मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क है। यह सड़क, रेल, हवाई और जलमार्गों को एकीकृत करते हुए माल परिवहन को सुगम बनाने तथा क्षेत्र को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
सीपीआरओ के अनुसार, नई रेल कनेक्टिविटी से जोगीघोपा एमएमएलपी की पूर्वोत्तर के प्रमुख लॉजिस्टिक्स हब के रूप में क्षमता और मजबूत होगी। इससे आपूर्ति श्रृंखला को गति मिलने के साथ देश के विभिन्न हिस्सों और पड़ोसी देशों तक माल पहुंचाना आसान होगा। रणनीतिक स्थिति के कारण भूटान समेत अन्य पड़ोसी देशों के साथ व्यापारिक संपर्क बढ़ाने की भी संभावना है।
एमएमएलपी में वेयरहाउस, रेलवे साइडिंग, कोल्ड स्टोरेज, कस्टम्स क्लीयरेंस हाउस, यार्ड, वर्कशॉप, पेट्रोल पंप और ट्रक पार्किंग जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। ये सुविधाएं कार्गो की हैंडलिंग, भंडारण और परिवहन को एकीकृत करने में मदद करती हैं।
पूसीरे के अनुसार, बेहतर रेल कनेक्टिविटी से माल परिवहन क्षमता बढ़ने और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है। इससे व्यापार, उद्योग और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को लाभ मिलने के साथ पूर्वोत्तर को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के लिए एक महत्वपूर्ण प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

