मणिपुर के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से पूसीरे के महाप्रबंधक ने की भेंट वार्ता
-रेल कनेक्टिविटी और अवसंरचना विकास से जुड़े मुद्दों पर हुई चर्चा
गुवाहाटी, 02 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने 1 सितंबर को मणिपुर के लोक भवन में राज्यपाल अजय कुमार भल्ला से भेंट वार्ता की। इस बैठक के दौरान, राज्य में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने, यात्रियों की सुविधा और माल परिवहन को बेहतर बनाने, सुरक्षा अवसंरचना में वृद्धि और मणिपुर में रेल सेवाओं एवं बुनियादी ढ़ांचे को और बेहतर बनाने संबंधी विषयों पर बातचीत हुई।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मणिपुर के मुख्यमंत्री सचिवालय में मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह से भी मुलाकात की। इस बैठक में राज्य सरकार और पूसीरे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थें। इस अवसर पर राज्य में रेल कनेक्टिविटी, अवसंरचनात्मक विकास और यात्री सेवाओं से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में जिरिबाम और खोंगसांग के बीच पैसेंजर ट्रेन सेवाओं के सुचारू और नियमित परिचालन को सुनिश्चित करने के उपायों पर बातचीत करते हुए इस क्षेत्र के लोगों को विश्वसनीय और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। मणिपुर और गुवाहाटी के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी शुरू करने की संभावना पर भी चर्चा हुई, जिससे राज्य के प्रमुख शहरी और व्यावसायिक केंद्रों के साथ कनेक्टिविटी और अधिक बेहतर होगी और यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। बैठक में वंगाइचुंगपाऊ और राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच सड़क कनेक्टिविटी में सुधार की आवश्यकता के साथ-साथ सुरक्षित और अधिक कुशल रेलवे संचालन के लिए सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की भी समीक्षा की गई।
बैठक में खोंगसांग टर्मिनल पर माल परिवहन के कुशल संचालन और प्रबंधन के उपायों पर भी चर्चा की गई, ताकि राज्य में सामान की आवाजाही सुलभ हो सके और लॉजिस्टिक्स नेटवर्क में सुधार हो। टर्मिनल पर आरओ-आरओ (रोल-ऑन/रोल-ऑफ) सेवाओं को शुरू करने पर भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि कुशल रेल आधारित परिवहन प्रणाली के माध्यम से सामग्रियों और वाहनों के परिवहन को सुलभ बनाया जा सके। इसके अलावा, जिरिबाम-इम्फाल नई रेल लाइन परियोजना की मौजूदा स्थिति और प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई, जिसमें चल रहे कार्यों में तेज़ी लाने और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस रेल कनेक्टिविटी परियोजना को पूरा करने की दिशा में निरंतर प्रगति सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया गया।
बातचीत के क्रम में पूसीरे की प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया गया, जिसमें रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना, यात्री और माल परिवहन सेवाओं में सुधार करना, सुरक्षा बढ़ाना और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के जरिए मणिपुर के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास में सहयोग करना शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

