home page

पूसीरे ने मालीगांव स्थित मुख्यालय में ईवी चार्जिंग सुविधाएं लगाई

 | 
पूसीरे ने मालीगांव स्थित मुख्यालय में ईवी चार्जिंग सुविधाएं लगाई


गुवाहाटी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने शुक्रवार को गुवाहाटी के मालीगांव स्थित मुख्यालय में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग की सुविधा लगाई है। इस सुविधा का उद्घाटन पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने पूसीरे मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया। यह पहल सस्टेनेबल मोबिलिटी को बढ़ावा देने और इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह नई सुविधा चार-पहिया और दो-पहिया दोनों तरह के वाहनों के लिए हैं। इससे कर्मचारियों और आगंतुकों को अपने वाहनों के चार्जिंग की सुविधा मिलेगी और साथ ही यह अधिक स्वच्छ एवं पर्यावरण के अनुकूल परिवहन की ओर बढ़ते बदलाव में भी मददगार साबित होगा।

इन सुविधाओं में चार-पहिया वाहनों के लिए 60 केडब्ल्यू डीसी फास्ट चार्जर शामिल है, जिसमें दो चार्जिंग गन हैं। इसमें सीसीएस 2 कनेक्टर लगे हैं, जो अलग-अलग कंपनियों और मॉडल की इलेक्ट्रिक कारों को सेवा दे सकते हैं। इस चार्जर से कार को चार्ज होने में लगभग 30 से 40 मिनट का समय लगता है, जिससे चार्जिंग जल्दी हो जाता है और उपयोगकर्ताओं के प्रतीक्षा का समय भी कम लगता है। उम्मीद है कि इस सुविधा से कार उपयोगकर्ताओं के लिए ईवी चार्जिंग और भी सुलभ हो जाएगी, जिससे इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने का चलन और बढ़ेगा।

इसके अलावा, दो-पहिया इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करने के लिए एक 3.3 केडब्ल्यू का चार्जर भी लगाया गया है, जिसमें यूनिवर्सल सॉकेट दिया गया है। वाहन के प्रकार और मॉडल के आधार पर, इसे पूरी तरह चार्ज होने में 1.5 घंटे तक का समय लग सकता है। यह रोज़ाना सफर करने वालों और अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए एक व्यावहारिक चार्जिंग विकल्प है।

इन सुविधाओं से पूसीरे मुख्यालय परिसर में ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक पहुंच बेहतर होगी। इससे कर्मचारियों और आगंतुकों को इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा और पारंपरिक जीवाश्म ईंधन से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम होगी। यह पहल पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार तौर-तरीकों को बढ़ावा देने और अधिक स्वच्छ तथा टिकाऊ परिवहन को सहयोग करने के लिए पूसीरे की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय