home page

रेलवे बोर्ड के सदस्य ने कामाख्या कोचिंग डिपो का किया निरीक्षण

 | 
रेलवे बोर्ड के सदस्य ने कामाख्या कोचिंग डिपो का किया निरीक्षण


- क्रू कल्याण और उन्नत संरक्षा प्रणालियों की समीक्षा की

गुवाहाटी, 11 मई (हि.स.)। रेलवे बोर्ड के सदस्य (ट्रैक्शन और रोलिंग स्टॉक) आर राजगोपाल ने पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अधीन कामाख्या कोचिंग डिपो में महत्वपूर्ण परिचालन और रख-रखाव सुविधाओं का रविवार को व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्रू कल्याण, रोलिंग स्टॉक के रख-रखाव, संरक्षा में सुधार और उन्नत तकनीकों को अपनाने पर विशेष ज़ोर दिया। इस निरीक्षण में पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में रेलवे के वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने सोमवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान, सदस्य (टीआरएस) ने कामाख्या स्थित रनिंग रूम और क्रू लॉबी का दौरा किया, जहां वंदे भारत स्लीपर और अन्य प्रीमियम ट्रेनों के क्रू सदस्यों को उपलब्ध कराई गई विश्राम सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। रेल कर्मचारियों के लिए आराम और परिचालन तत्परता के उच्च मानकों को बनाए रखने पर विशेष ज़ोर दिया गया।

कामाख्या स्थित कोच मेनटेनेंस डिपो में, सदस्य (टीआरएस) ने भारत के पहले वंदे भारत रेक का निरीक्षण किया और डिपो में अपनाए जा रहे विभिन्न रख-रखाव और संरक्षा प्रक्रियाओं की समीक्षा की। पिट लाइन पर, रोलिंग स्टॉक की स्थिति की निगरानी के लिए अपनाए जा रहे नए और उन्नत तरीकों के संबंध में विस्तृत अवलोकन किए गए। सदस्य (टीआरएस) ने कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनके समर्पण की सराहना की और कई नए संरक्षा उपायों के कार्यान्वयन की प्रशंसा की।

इस निरीक्षण में वंदे भारत स्लीपर कोचों के गुणवत्ता मानकों की समीक्षा भी की गयी। संरक्षा उपायों को और अधिक मज़बूत करने तथा रखरखाव की दक्षता बढ़ाने के लिए सुझाव दिए गए।

अधिकारियों ने सदस्य (टीआरएस) को लामडिंग मंडल द्वारा वर्तमान में विकसित किए जा रहे प्रौद्योगिकी-आधारित रोलिंग स्टॉक और ट्रैक निगरानी प्रणालियों के बारे में जानकारी दी। इन पहलों का उद्देश्य इस ज़ोन में रेलवे संचालन के पूर्वानुमानित रखरखाव, परिचालन संरक्षा और समग्र दक्षता में सुधार करना है।

सदस्य (टीआरएस) ने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बातचीत भी की, जिसमें रेलवे परिचालन में निरंतर नवाचार, संरक्षा के प्रति जागरूकता और टीम वर्क पर ज़ोर दिया गया।

पूसीरे उन्नत प्रौद्योगिकियों और सर्वोत्तम परिचालन पद्धतियों को अपनाकर आधुनिकीकरण, संरक्षा वृद्धि और यात्रियों की सुविधा के प्रति प्रतिबद्ध है।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय