पूसीरे ने की कुशल ऊर्जा उपयोग के लिए आईओटी-आधारित टनल लाइटिंग ऑटोमेशन की शुरुआत
गुवाहाटी, 29 जून (हि.स.)। ऊर्जा दक्षता को बढ़ाने और स्मार्ट प्रौद्योगिकियों को अपनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने लामडिंग–बदरपुर पहाड़ी सेक्शन के न्यू हाफलंग स्थित टनल संख्या 9 में अत्याधुनिक आईओटी-आधारित टनल लाइटिंग ऑटोमेशन एवं ऊर्जा निगरानी प्रणाली लागू की है। यह पहल आईआर नियंत्रक प्लेटफॉर्म के माध्यम से केंद्रीकृत पर्यवेक्षण, दूरस्थ संचालन तथा रियल टाइम एनर्जी मॉनिटरिंग को सक्षम बनाती है। यह रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण और ऊर्जा खपत को उत्तम बनाने की पूसीरे के प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि इस परियोजना के तहत, टनल लाइटिंग फीडरों के लिए स्मार्ट मीटरिंग इन्फ्रास्ट्रक्चर स्थापित किया गया है और फील्ड उपकरणों को आईआर नियंत्रक प्लेटफॉर्म के साथ सफलतापूर्वक एकीकृत किया गया है। यह प्रणाली ऊर्जा खपत और परिचालनिक स्थिति पर लाइव डेटा प्रदान करने के साथ-साथ टनल संख्या 9 की प्रकाश व्यवस्था के दूरस्थ संचालन और निगरानी की सुविधा प्रदान करती है। यह स्वचालन प्रकाश प्रणालियों के समय पर नियंत्रण और निरंतर निगरानी को संभव कर ऊर्जा का कुशल उपयोग सुनिश्चित करता है। बिजली की खपत और प्रणाली की कार्यक्षमता के रियल-टाइम निगरानी को सक्षम करयह पहल ऊर्जा के उपयोग को अनुकूल बनाने, बर्बादी को कम करने और स्थायी तौर-तरीकों को बढ़ावा देने में मदद करेगी।
आईओटी-आधारित टनल लाइटिंग ऑटोमेशन सिस्टम का कार्यान्वयन, अपने बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने और पूरे नेटवर्क में ऊर्जा प्रबंधन को मजबूत करने के पूसीरे के निरंतर प्रयासों का एक हिस्सा है।इस तरह की पहलों के माध्यम से, भारतीय रेलवे के एक अधिक स्मार्ट और हरित भविष्य के दृष्टिकोण के अनुरूप, परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरणीय स्थिरता और आधुनिक रेल बुनियादी ढांचे के निर्माण के प्रति पूसीरे अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर मजबूत कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

