home page

मालगाड़ी के दरवाजे और सील की जांच के लिए एनएफआर ने शुरू की एआई आधारित प्रणाली

 | 
मालगाड़ी के दरवाजे और सील की जांच के लिए एनएफआर ने शुरू की एआई आधारित प्रणाली


गुवाहाटी, 26 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (पूसीरे) ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान गुवाहाटी (आईआईटी गुवाहाटी) के सहयोग से मालगाड़ियों की सुरक्षा और निगरानी मजबूत करने के लिए प्रोजेक्ट दृष्टि शुरू किया है। पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर किशोर शर्मा ने आज बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित इस तकनीकी प्रणाली का औपचारिक उद्घाटन मालीगांव स्थित एनएफआर मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में किया गया।

प्रोजेक्ट दृष्टि के तहत तेज गति वाले कैमरों, स्मार्ट प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित नेटवर्किंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता का इस्तेमाल कर मालगाड़ियों के दरवाजों, ताले और सील की निगरानी की जाएगी। निर्धारित निगरानी बिंदुओं से ट्रेन के गुजरने के दौरान प्रणाली माल डिब्बों की पहचान करने के साथ उनके नंबर दर्ज करेगी तथा दरवाजों, तालों और सील की स्थिति का आकलन करेगी। इससे सील या ताले में किसी तरह की गड़बड़ी अथवा संभावित माल चोरी की स्थिति का समय रहते पता लगाने में मदद मिलेगी।

एनएफआर के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि माल परिवहन देश की आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने के साथ उद्योग और कृषि क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में भौगोलिक और पर्यावरणीय परिस्थितियों के कारण सड़क परिवहन कई स्थानों पर चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में रेलवे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने बताया कि माल डिब्बों के दरवाजों और सील की जांच पहले मैन्युअल तरीके से की जाती थी, जो विशेषकर रात के समय और खराब मौसम में समय लेने वाली और कठिन प्रक्रिया हो सकती थी। प्रोजेक्ट दृष्टि के जरिए इस प्रक्रिया को अधिक तेज, विश्वसनीय और तकनीक आधारित बनाने का प्रयास किया गया है।

नई प्रणाली निरीक्षण के निष्कर्षों का डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार करेगी, जिससे रेलवे कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी। इससे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और वाणिज्यिक विभाग के अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के काम में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

एनएफआर और आईआईटी गुवाहाटी के इस सहयोग में शैक्षणिक विशेषज्ञता, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और रेलवे के परिचालन अनुभव को एक साथ लाया गया है। महाप्रबंधक ने प्रोजेक्ट दृष्टि को विकसित करने में योगदान देने वाली आईआईटी गुवाहाटी और एनएफआर की टीमों को बधाई दी तथा भविष्य में दोनों संस्थानों के बीच ऐसे और तकनीकी सहयोग की उम्मीद जताई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश