home page

राष्ट्रीय संकट से निपटने को लेकर गुवाहाटी में रेलवे एवं सेना ने किया अभ्यास

 | 
राष्ट्रीय संकट से निपटने को लेकर गुवाहाटी में रेलवे एवं सेना ने किया अभ्यास


गुवाहाटी, 19 मार्च (हि.स.)। पूर्वोत्तर क्षेत्र को कवर करने वाली भारतीय सेना की सबसे बड़ी कमान पूर्वी कमान मुख्यालय और एरिया 101 ने गुवाहाटी में बुधवार को एक उच्च स्तरीय परिदृश्य नियोजन अभ्यास आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में भारतीय सेना के साथ पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के वरिष्ठ अधिकारी थे, ताकि राष्ट्रीय आपात स्थितियों से निपटने के लिए समन्वय और तत्परता को बढ़ाया जा सके।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने गुरुवार काे बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों संगठनों की आपसी ताकतों को समझना और उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग करना था। इसका प्राथमिक लक्ष्य परिचालन तंत्रों को इस प्रकार संरेखित करना था, जिससे किसी भी राष्ट्रीय संकट के दौरान विशेष रूप से रणनीतिक रूप से संवेदनशील पूर्वी सेक्टर में एक त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया सुनिश्चित की जा सके।

सत्र के दौरान, प्रतिभागियों ने परिचालन तत्परता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न संभावित परिदृश्यों पर विचार-विमर्श किया। इसमें दोहरे उपयोग वाले बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ज़ोर दिया गया, जो न केवल लॉजिस्टिक्स क्षमताओं को मज़बूत करेगा, बल्कि संसाधनों के साझा उपयोग के माध्यम से सरकारी व्यय में भी उल्लेखनीय बचत सुनिश्चित करेगा।

पूसीरे, पूर्वी कमान और सेना मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने चर्चाओं में सक्रिय रूप से भाग लिया और विभिन्न एजेंसियों के बीच तालमेल को बेहतर बनाने के लिए अपने विचार और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियां साझा कीं। इस अभ्यास ने संबंधित पक्षों को सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों की पहचान करने और प्रतिक्रिया रणनीतियों को सुव्यवस्थित करने में सक्षम बनाया।

इस संयुक्त पहल ने भाग लेने वाली सभी एजेंसियों के बीच विश्वास को मजबूत किया है और भारतीय सेना तथा भारतीय रेलवे के बीच निर्बाध एकीकरण के लिए एक सुदृढ़ ढांचा स्थापित किया है। इस तरह के समन्वित प्रयास राष्ट्रीय महत्व के समय और आपातकालीन स्थितियों के दौरान एक कुशल और एकीकृत प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय