न्यू हरंगाजाओ के पास ट्रैक धंसने से लुमडिंग-बदरपुर रेलखंड प्रभावित, चार ट्रेनें रद्द, सात रीशेड्यूल
गुवाहाटी, 28 जुलाई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के लुमडिंग-बदरपुर हिल सेक्शन में न्यू हरंगाजाओ स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक धंसने के कारण रेल परिचालन प्रभावित हो गया है। लाइन-1 और लाइन-2 पर ट्रैक धंसने की घटना के बाद रेलवे ने एहतियातन इस खंड पर परिचालन व्यवस्था में बदलाव किया है। फिलहाल सभी ट्रेनों का संचालन केवल लाइन-3 से कड़ी निगरानी और विशेष सुरक्षा उपायों के बीच कराया जा रहा है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित रेलखंड से रात के समय यात्री ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रतिदिन शाम 7:00 बजे से सुबह 5:00 बजे तक इस सेक्शन से कोई भी यात्री ट्रेन नहीं चलाई जाएगी। हालांकि, दिन के समय ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित गति, सतत निगरानी और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ट्रैक धंसने की घटना के कारण रेल सेवाओं पर असर पड़ा है। स्थिति को देखते हुए चार ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि सात ट्रेनों के परिचालन समय में बदलाव करते हुए उन्हें रीशेड्यूल किया गया है। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों को आवश्यकतानुसार रेगुलेट भी किया जा रहा है, ताकि प्रभावित सेक्शन में सुरक्षित और सुचारु रेल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
सीपीआरओ ने बताया कि प्रभावित ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने के लिए रेलवे ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। इंजीनियरिंग विभाग की टीमें, तकनीकी विशेषज्ञ, रेलवे कर्मचारी और भारी मशीनरी मौके पर तैनात हैं तथा ट्रैक की स्थिरता बहाल करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद सुरक्षा मानकों के अनुरूप निरीक्षण किया जाएगा और उसके उपरांत सामान्य रेल परिचालन बहाल किया जाएगा।------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

