home page

पूसीरे के न्यू गुवाहाटी डीजल लोको शेड में श्रवण स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

 | 
पूसीरे के न्यू गुवाहाटी डीजल लोको शेड में श्रवण स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


गुवाहाटी, 27 अक्टूबर (हि.स.)। हाल ही में 'विश्व श्रवण दिवस' के अवसर पर, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) द्वारा न्यू गुवाहाटी स्थित डीजल लोको शेड में वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर के कार्यालय में कार्यस्थल पर शोर के कारण सुनने की क्षमता में कमी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यांत्रिक और बिजली विभाग के लगभग 20 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया, जिनमें वरिष्ठ अधिकारी, तकनीशियन और लोको पायलट शामिल थे।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों को खतरनाक स्तर के अत्यधिक शोर से बचाव पर यह कार्यक्रम केंद्रित था। कार्य-परिस्थितियों में श्रवण क्षमता को सुरक्षित रखना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि वहां स्पष्ट बातचीत और आसपास के आवाज़ों को पहचान पाना सतर्क रहने और बेहतर ढंग से काम करने में मदद करता है।

मालीगांव स्थित केंद्रीय अस्पताल के ऑडियोलॉजिस्ट अनिर्बान सरकार ने शोर के कारण श्रवण क्षमता कम होने के कारणों, जोखिमों और इससे बचाव के उपायों पर एक प्रस्तुतीकरण दिया। वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी/ईएनटी डॉ. रूबी दौले ने प्रतिभागियों के सवालों के जवाब दिए और श्रवण क्षमता को सुरक्षित रखने के बारे में मार्गदर्शन प्रदान किया।

इस कार्यक्रम में न्यू गुवाहाटी के अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. पी. देब बर्मन भी मौजूद थे। प्रतिभागियों को मालीगांव के केंद्रीय अस्पताल में उपलब्ध ऑडियोलॉजी और ईएनटी सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने श्रवण से जुड़ी समस्याओं की समय रहते जांच कराने के लिए प्रोत्साहित किया, ताकि श्रवण क्षमता में होने वाले संभावित नुकसान का जल्द पता चल सके और उसे रोका जा सके।

इस पहल से पूसीरे का अपने कर्मचारियों के निवारक स्वास्थ्य देखभाल और उनके कार्य-संबंधी स्वास्थ्य व कल्याण पर किए जाने वाले प्रयासों को और अधिक मजबूती मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय