home page

पूसीरे ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर 'द टर्मिनल' का किया उद्घाटन

 | 
पूसीरे ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर 'द टर्मिनल' का किया उद्घाटन


-डाइनिंग, शॉपिंग और मनोरंजन की सुविधाएं एक ही जगह

गुवाहाटी, 24 अक्तूबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर 'द टर्मिनल' का उद्घाटन कर यात्री सुविधाओं में एक नया आयाम जोड़ा है। इस स्थान को विशेष रूप से खानपान, खरीदारी और मनोरंजन के लिए तैयार किया गया है।

सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने पूसीरे के प्रधान मुख्य वाणिज्यिक प्रबंधक नीरज सहाय और लामडिंग के मंडल रेल प्रबंधक समीर लोहानी की उपस्थिति में इस सुविधा का 23 अक्टूबर को उद्घाटन किया। पानबाजार के स्टेशन रोड स्थित पुराने यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) भवन वाले क्षेत्र पर स्थित यह केंद्र यात्रियों, उनके परिवारों और आगंतुकों को खान-पान और आराम के लिए एक सुविधाजनक स्थान प्रदान करता है।

लामडिंग मंडल द्वारा न्यू इनोवेटिव नॉन-फेयर रेवेन्यू आइडियाज स्कीम (एनआईएनएफआरआईएस) के तहत विकसित इस परियोजना ने रेलवे की अनुपयोगी परिसंपत्ति को एक आकर्षक व्यावसायिक और मनोरंजन केंद्र में बदल दिया है। 27,381 वर्गफुट में फैली इस सुविधा को 2.27 करोड़ रुपये के पांच साल के अनुबंध पर फ्यूजन एज सॉल्यूशन को सौंपा गया है। इस पहल से न केवल यात्री सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है बल्कि रेलवे की परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग और टिकट बिक्री के अलावा अन्य स्रोतों से राजस्व से भी प्राप्त होगा।

'द टर्मिनल' में कई चीजें एक स्थान पर उपलब्ध हैं। खानपान के लिए एक ऐसा क्षेत्र जहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के 'क्विक-सर्विस' रेस्टोरेंट ब्रांड मौजूद हैं, एक बाजार जहां स्थानीय हस्तशिल्प, यादगार वस्तुएं और अन्य खुदरा उत्पाद उपलब्ध हैं और बच्चों के लिए एक इनडोर 'सॉफ्ट प्ले एरिया'। यहां खानेपीने के कई विकल्प और खरीदारी व मनोरंजन के अवसर मौजूद हैं, जिससे यात्रियों और उनके साथ आए परिवारों के लिए इंतजार का समय अधिक आरामदायक होगा। यह बाजार स्थानीय कारीगरों को भी अपने उत्पाद प्रदर्शित करने और अधिक ग्राहकों तक पहुंचने का एक मंच प्रदान करता है।

यहां बैठने की विशेष व्यवस्था, आकर्षक लाइटिंग, सुंदर लैंडस्केपिंग और बेहतरीन इंटीरियर डिजाइन है। साथ ही, रेलवे के मानकों के अनुसार यहां सुरक्षा, स्वच्छता, अग्निशमन और अन्य सुरक्षा इंतजाम भी किए गए हैं। यह पहल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा देने और रेलवे की संपत्तियों के नवाचारी उपयोग के जरिए नॉन फेयर रेवेन्यू जुटाने के प्रति पूसीरे की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय