पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के माल अनलोडिंग में 12.27 प्रतिशत की वृद्धि, अक्टूबर में 1,162 रेक अनलोड
-असम में सबसे अधिक 647 रेक से उतारा गया सामान, पश्चिम बंगाल में 205 और बिहार में 161 रेक अनलोड
गुवाहाटी, 08 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अक्टूबर 2026 में माल अनलोडिंग के क्षेत्र में पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12.27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। इस दौरान पूरे जोन में मालगाड़ियों के 1,162 रेक अनलोड किए गए, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 1,035 थी। इस प्रदर्शन से पूर्वोत्तर क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं और औद्योगिक सामग्रियों की आपूर्ति को मजबूती मिली है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने रविवार को बताया कि अक्टूबर के दौरान रेलवे ने अपने क्षेत्राधिकार के गुड्स शेड और फ्रेट टर्मिनलों पर कई तरह की वस्तुओं की अनलोडिंग की। इनमें खाद्यान्न, खाद्य तेल, उर्वरक, चीनी, नमक, पेट्रोलियम उत्पाद, कोयला और सीमेंट शामिल हैं। इन वस्तुओं की आपूर्ति से घरेलू खपत, कृषि संबंधी जरूरतों और औद्योगिक गतिविधियों को पूरा करने में मदद मिली।
असम में सर्वाधिक 647 रेक अनलोड
माल परिवहन का बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की जरूरतों को पूरा करने के लिए था। अक्टूबर 2026 में असम में सर्वाधिक 647 रेक अनलोड किए गए। इसके अलावा त्रिपुरा में 81, मणिपुर में 29, नगालैंड में 17, मिजोरम में 11, अरुणाचल प्रदेश में 10 और मेघालय में एक रेक से सामान उतारा गया।
पश्चिम बंगाल और बिहार में भी अनलोडिंग
पूसीरे के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत पश्चिम बंगाल में 205 और बिहार में 161 रेक अनलोड किए गए। इन वस्तुओं के परिवहन से क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला।
रेलवे के अनुसार, आवश्यक और औद्योगिक वस्तुओं का निरंतर परिवहन तथा समय पर अनलोडिंग क्षेत्र की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में पूसीरे की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती है। रेलवे उपभोक्ताओं, व्यापारियों और उद्योगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए माल की कुशल हैंडलिंग और समयबद्ध आवाजाही पर विशेष जोर दे रहा है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

