home page

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का अप्रैल 2026 में माल परिवहन प्रदर्शन बेहतर, 1135 रेक अनलोड

 | 
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे का अप्रैल 2026 में माल परिवहन प्रदर्शन बेहतर, 1135 रेक अनलोड


गुवाहाटी, 05 मई (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अप्रैल 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 1135 माल रेक का अनलोडिंग किया। यह उपलब्धि वित्त वर्ष 2026-27 की मजबूत शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने मंगलवार को बताया कि पूरे महीने रेलवे ने खाद्यान्न, खाद्य सामग्री, उर्वरक, चीनी, कोयला, नमक, टैंक और अन्य औद्योगिक वस्तुओं का सुचारू परिवहन सुनिश्चित किया। इन वस्तुओं को क्षेत्र के विभिन्न गुड्स शेडों में कुशलता से हैंडल किया गया, जिससे समय पर आपूर्ति और संचालन की विश्वसनीयता मजबूत हुई।

पूर्वोत्तर राज्यों में इस दौरान अधिकांश जरूरतों को पूरा किया गया। असम में सबसे अधिक 593 रेक अनलोड किए गए, जिनमें 317 रेक आवश्यक वस्तुओं के थे। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई।

अन्य राज्यों में त्रिपुरा में 99 रेक, नगालैंड में 32, अरुणाचल प्रदेश में 20, मणिपुर में 14 और मिजोरम में 8 रेक अनलोड किए गए।

इसके अलावा, पूसीरे क्षेत्राधिकार में पश्चिम बंगाल में 203 और बिहार में 166 रेक अनलोड किए गए। इनमें आवश्यक और औद्योगिक दोनों प्रकार की वस्तुएं शामिल थीं, जिससे अंतर-क्षेत्रीय आपूर्ति श्रृंखला और मजबूत हुई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, बेहतर निगरानी और समन्वित प्रयासों के चलते टर्नअराउंड समय और अनलोडिंग दक्षता में सुधार हुआ है। इससे माल परिवहन संचालन अधिक विश्वसनीय हुआ है और पूर्वोत्तर क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति मिली है।

---------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय