home page

2025-26 में पूसीरे ने सीमेंट परिवहन को किया तेज

 | 
2025-26 में पूसीरे ने सीमेंट परिवहन को किया तेज


गुवाहाटी, 18 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान रेलवे द्वारा सीमेंट कार्गो के परिवहन और अपने टर्मिनलों पर सीमेंट की लोडिंग और अनलोडिंग में अभूतपूर्व प्रगति हासिल की है।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया है कि सीमेंट परिवहन के आवक में 7.8% की वृद्धि दर्ज की गई, जो 2024-25 के 9.05 मिलियन टन से बढ़कर 2025-26 में 9.76 मिलियन टन हो गई। लोडिंग क्षेत्र में, सीमेंट में 152.7% की उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। ये उपलब्धियां पूर्वोत्तर क्षेत्र में माल परिवहन की दक्षता बढ़ाने और बुनियादी ढांचे के विकास में सहयोग करने में एनएफआर के निरंतर प्रयासों को दर्शाती हैं।

सबसे उल्लेखनीय उपलब्धियों में से एक, 14 सितंबर, 2025 को सायरंग रेलवे स्टेशन पर पहली बार सीमेंट रैक की सफल अनलोडिंग की गई थी। गुवाहाटी के पास स्टार सीमेंट साइडिंग से लोड किया गया यह रैक, नव-निर्मित बइरबी-सायरंग रेल मार्ग पर चलने वाली पहली मालगाड़ी थी, जिसने क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को एक महत्वपूर्ण बढ़ावा दिया।

सीमेंट कार्गो परिचालन को और अधिक मजबूत करते हुए, एनएफआर ने 24 सितंबर, 2025 को नगालैंड के मॉलवॉम रेलवे स्टेशन पर पहली बार सीमेंट रैक की अनलोडिंग कर माइलस्टोन हासिल किया। इस रैक में सीमेंट के 41 वैगन थे, जो तेलंगाना के मेसर्स माई होम इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लोड किए गए थे। रेलवे द्वारा 1 मार्च, 2025 को तेतेलिया स्थित व्यस्त स्टार सीमेंट साइडिंग पर इलेक्ट्रिक इंजन वाली पहली मालगाड़ी लायी गई। इस साइडिंग ने फरवरी, 2025 में 50 रैकों की हैडलिंग की।

एक अन्य ऐतिहासिक घटनाक्रम में, सीमेंट लदे पहले मालगाड़ी को 24 मार्च, 2025 को अगरतला के पास निश्चिंतपुर टर्मिनल पर सफलतापूर्वक पहुंचाया गया। तेतेलिया स्थित स्टार सीमेंट साइडिंग से आई इस खेप ने अगरतला-अखौरा नई रेल लिंक परियोजना के तहत एक ऐतिहासिक क्षण को चिह्नित किया, जिससे त्रिपुरा और पूर्वोत्तर में माल परिवहन की कनेक्टिविटी और अधिक सुदृढ़ हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय