home page

पूसीरे ने जुलाई में 1,052 मालगाड़ियों के रेक किए अनलोड, असम में सबसे अधिक 596 रेक

 | 
पूसीरे ने जुलाई में 1,052 मालगाड़ियों के रेक किए अनलोड, असम में सबसे अधिक 596 रेक


गुवाहाटी, 08 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जुलाई 2026 में माल परिवहन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए कुल 1,052 मालगाड़ी रेक अनलोड किए। यह प्रदर्शन क्षेत्र में आवश्यक और अन्य सामग्रियों की निर्बाध आपूर्ति तथा माल परिवहन सेवाओं की मजबूत स्थिति को दर्शाता है।

पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि जुलाई के दौरान जोन के विभिन्न गुड्स शेडों पर अनाज, खाद्य सामग्री, उर्वरक, चीनी, कोयला, नमक, टैंक वैगन और अन्य माल की कुशलतापूर्वक अनलोडिंग की गई। इससे आवश्यक वस्तुओं की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने में मदद मिली और माल परिवहन सेवाओं की विश्वसनीयता मजबूत हुई।

उन्होंने बताया कि कुल अनलोडिंग का बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए किया गया। असम में सर्वाधिक 596 रेक अनलोड किए गए। इनमें आवश्यक और अति आवश्यक दोनों तरह की सामग्रियां शामिल थीं। इससे सार्वजनिक वितरण प्रणाली, औद्योगिक गतिविधियों और आम लोगों की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आती है।

पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में त्रिपुरा में 55, नगालैंड में 23, मणिपुर में 18, अरुणाचल प्रदेश में आठ, मिजोरम में आठ और मेघालय में एक रेक अनलोड किया गया।

इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 200 और बिहार में 143 रेक अनलोड किए गए। इन रेक के माध्यम से आवश्यक और अन्य सामग्रियों की आपूर्ति की गई, जिससे क्षेत्र की आपूर्ति श्रृंखला, व्यापारिक संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिली।

पूसीरे के अनुसार, रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए आवश्यक वस्तुओं एवं अन्य सामग्रियों की निरंतर आवाजाही महत्वपूर्ण है। माल परिवहन की प्रक्रिया के विभिन्न स्तरों पर प्रभावी निगरानी से अनलोडिंग में लगने वाले टर्नअराउंड समय को कम करने और समग्र अनलोडिंग क्षमता बढ़ाने में मदद मिली है।

रेलवे के अनुसार, माल परिवहन में दक्षता बढ़ाने और समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आगे भी गुड्स शेडों पर निगरानी एवं परिचालन व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया जाएगा।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय