पूसीरे के महाप्रबंधक ने तिनसुकिया मंडल में रेलवे सुरक्षा और अवसंरचना विकास की समीक्षा की
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक विवेक खरे ने तिनसुकिया मंडल के अपने दो दिवसीय दौरे का सफलतापूर्वक समापन किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख एवं छोटे पुलों के साथ-साथ विभिन्न रेलवे स्टेशनों का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान तिनसुकिया मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तथा पूसीरे मुख्यालय एवं मंडल के वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक के साथ उपस्थित रहे।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि पुलों के निरीक्षण के दौरान, खरे ने संरचनात्मक सुरक्षा और परिचालन विश्वसनीयता पर विशेष जोर देते हुए उनकी स्थिति और रखरखाव व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस समीक्षा में यात्री और मालगाड़ियों के सुरक्षित परिचालन में सहयोग के लिए पुल के अवसंरचना की नियमित निगरानी और समय पर रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया।
यह दौरा 23 नवंबर को आयोजित निरीक्षण कार्यक्रम की निरंतरता में किया गया, जिसके अंतर्गत डिब्रूगढ़ स्थित कोचिंग रखरखाव सुविधाओं, डिब्रुगढ़ एवं सिलापथार रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, बोगीबील पुल तथा चल रहे रेलपथ नवीनीकरण कार्यों का निरीक्षण किया गया था।
नियमित निरीक्षणों और प्रगति समीक्षाओं के माध्यम से पूसीरे रेलवे सुरक्षा को सुदृढ़ करने, रखरखाव प्रथाओं में सुधार लाने और बुनियादी ढांचे के विकास को आगे बढ़ाने का कार्य निरंतर जारी रखे हुए है। ये प्रयास पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र में विश्वसनीय रेल सेवाओं और बेहतर कनेक्टिविटी के प्रति इसकी प्रतिबद्धता को बल प्रदान करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

