home page

पूसीरे महाप्रबंधक ने लामडिंग मंडल के बइरबी–बदरपुर–पाथरखोला खंडों का किया सुरक्षा निरीक्षण

 | 
पूसीरे महाप्रबंधक ने लामडिंग मंडल के बइरबी–बदरपुर–पाथरखोला खंडों का किया सुरक्षा निरीक्षण


गुवाहाटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को लामडिंग मंडल के अंतर्गत बइरबी–बदरपुर तथा बदरपुर–पाथरखोला खंडों का व्यापक निरीक्षण किया। यह निरीक्षण चल रहे सुरक्षा अभियान तथा अवसंरचनात्मक तैयारियों की समीक्षा के तहत किया गया।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि निरीक्षण के दौरान पटरियों की स्थिति का आकलन करने तथा खंडों की संरचनात्मक मजबूती की जांच के लिए विस्तृत विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया। यह प्रक्रिया जलभराव, भू-क्षरण और ट्रैक अस्थिरता जैसी मानसून से संबंधित चुनौतियों के प्रति रेलवे अवसंरचना की मजबूती सुनिश्चित करने और कमजोरियों की पहचान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। महाप्रबंधक ने प्रमुख सुरक्षा मानकों की समीक्षा की और अधिकारियों को कड़ी निगरानी तथा समय पर अनुरक्षण हस्तक्षेप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने बदरपुर में नव-निर्मित उप-मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र तथा अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन (यूएसएफडी) प्रयोगशाला का दौरा किया। ये सुविधाएं रेलवे कर्मियों की तकनीकी क्षमता को सुदृढ़ करने तथा ट्रैक निरीक्षण और दोष पहचान प्रणाली की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से स्थापित की गई हैं। ये पहल सुरक्षित और अधिक विश्वसनीय रेल संचालन हेतु क्षमता वृद्धि और उन्नत प्रौद्योगिकियों को अपनाने के प्रति पूसीरे की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। उन्होंने अपने दौरे के दौरान बदरपुर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया और चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।

मिजोरम में बइरबी से सायरंग तक विस्तारित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण रेल संपर्क परियोजना के संदर्भ में यह निरीक्षण विशेष महत्व रखता है। वर्ष 2025 में चालू की गई इस रेल लिंक ने क्षेत्रीय संपर्कता को उल्लेखनीय रूप से सुदृढ़ किया है तथा मिजोरम को देश के अन्य हिस्सों के साथ आर्थिक रूप से जोड़ने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सायरंग तक रेल संपर्क की शुरुआत से पर्यटन और राज्य की अर्थव्यवस्था को भी बड़ा प्रोत्साहन मिला है। बइरबी तक के मौजूदा खंडों की सुरक्षा और मजबूती सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि ये इस विस्तारित नेटवर्क की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय