गुवाहाटी-न्यू हाफलोंग रेलखंड का पूसीरे महाप्रबंधक ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा
गुवाहाटी, 10 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक विवेक खरे ने मंगलवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने के साथ गुवाहाटी से न्यू हाफलोंग तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। दो दिवसीय निरीक्षण कार्यक्रम के पहले दिन उन्होंने लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड पर रेल परिचालन और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान लामडिंग मंडल के मंडल रेल प्रबंधक सहित पूसीरे मुख्यालय और लामडिंग मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।
गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण किया। उन्होंने टिकट बुकिंग सुविधाओं तथा यात्री क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था की भी समीक्षा की। इसके अलावा स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर भीड़ प्रबंधन, प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही तथा रेलवे कर्मचारियों और सुरक्षा बलों के बीच समन्वय का जायजा लिया।
न्यू हाफलोंग जाते समय उन्होंने विशेष रूप से पहाड़ी रेलखंड में रेलवे ट्रैक, पुलों और सुरंगों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रैक निरीक्षण ट्रॉली का भी जायजा लिया और रेलकर्मियों द्वारा इसके उपयोग की प्रक्रिया देखी। इस दौरान चल रहे सुरक्षा कार्यों और रखरखाव व्यवस्था की समीक्षा करते हुए यात्री एवं मालगाड़ियों का सुरक्षित और सुचारु परिचालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मंदरडीसा रेलवे स्टेशन पर भी उन्होंने प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष, प्लेटफॉर्म, टिकटिंग सुविधाओं और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं, न्यू हाफलोंग रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस बात पर विशेष ध्यान दिया कि प्रस्तावित सुविधाओं से यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने, स्टेशन की विभिन्न सुविधाओं का उपयोग करने और सुरक्षित आवाजाही में कितनी सहूलियत मिलेगी।
पूसीरे के महाप्रबंधक का पदभार एक नवंबर, 2026 को संभालने के बाद से विवेक खरे असम में रेलवे आधारभूत संरचनाओं और चल रही विकास परियोजनाओं का जायजा लेने के लिए लगातार क्षेत्रीय निरीक्षण कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने पांच नवंबर को कामाख्या-न्यू बोंगाईगांव रेलखंड का निरीक्षण किया था।
बुधवार, 11 नवंबर को वह न्यू हाफलोंग से बदरपुर तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण जारी रखेंगे। इस दौरान पहाड़ी रेलखंड के शेष हिस्से में ट्रैक रखरखाव और रेल परिचालन सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

