असम के मुख्यमंत्री और पूसीरे के महाप्रबंधक ने नई रेल लाइनों, स्टेशनों के अपग्रेड और यात्रियों की सुरक्षा पर की चर्चा
गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक विवेक खरे ने असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में चल रही रेल परियोजनाओं की प्रगति में गहरी रुचि दिखाई। बैठक में रेल अवसंरचना को मजबूत बनाने और कनेक्टिविटी बेहतर करने के उपायों पर चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने माना कि बेहतर रेल संपर्क से यात्रियों की सुविधा बढ़ने के साथ व्यापार और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार को हुई इस मुलाकात के दौरान रेलवे ने असम सरकार के साथ मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इसका उद्देश्य राज्य में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करना और यात्रियों को सुरक्षित, सुलभ एवं विश्वसनीय सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि पूसीरे बेहतर माल परिवहन सेवाओं के माध्यम से असम के किसानों, व्यापारियों और उद्योगों को भी सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे स्थानीय उत्पादों और औद्योगिक वस्तुओं का कुशलतापूर्वक परिवहन संभव होगा तथा किसानों और कारोबारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

