पूसीरे महाप्रबंधक ने मरियानी जंक्शन और जोरहाट टाउन स्टेशनों का किया निरीक्षण
गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत मरियानी जंक्शन और जोरहाट टाउन रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों स्टेशनों के स्टेशन भवनों, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर की स्वच्छता, रखरखाव और समग्र स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को यात्री सुविधाओं के बेहतर रखरखाव और उनमें आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जोरहाट टाउन स्टेशन पर महाप्रबंधक ने वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में नवनिर्मित आठ रेलवे कर्मचारी आवासों का उद्घाटन भी किया।
इसके अलावा, श्रीवास्तव ने मरियानी जंक्शन और जोरहाट टाउन रेलवे स्टेशनों के बीच रेलखंड का विंडो-ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रैक, रेलवे बुनियादी ढांचे और मार्ग पर चल रहे विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ट्रेनों का सुचारु और कुशल संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यह निरीक्षण पूसीरे द्वारा रेलवे बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, यात्री सुविधाओं में सुधार और सुरक्षित एवं बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

