डिब्रूगढ़ वर्कशॉप में पीओएच आउटटर्न में सुधार, सुरक्षा और हरित ऊर्जा पर जोर
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) ने तिनसुकिया मंडल के डिब्रूगढ़ वर्कशॉप में कोच और वैगन के आवधिक ओवरहॉलिंग (पीओएच) के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले बेहतर आउटटर्न हासिल किया है। वर्कशॉप में रखरखाव क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ कार्यस्थल सुरक्षा और टिकाऊ रेलवे संचालन को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की गई हैं।
वर्कशॉप में लिंक हॉफमैन बुश (एलएचबी) कोचों के नवीनीकरण तथा पीओएच क्षमता बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे के विस्तार का काम चल रहा है। रखरखाव के तहत कोच बॉडी के विभिन्न हिस्सों, अंडरगियर और अन्य महत्वपूर्ण उपकरणों की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि संरचनात्मक मजबूती, सुरक्षा और परिचालन क्षमता सुनिश्चित की जा सके। कोचों और मालगाड़ियों के वैगनों का इंटरमीडिएट ओवरहॉलिंग (आईओएच) भी किया जा रहा है।
कार्यस्थल सुरक्षा के तहत लंबे समय तक हॉट-वर्क में लगे कर्मचारियों को पावर्ड एयर-प्यूरिफाइंग रेस्पिरेटर (पीएपीआर) प्रणाली से लैस दो प्रो एयर वेल्डिंग हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य कर्मचारियों को बेहतर श्वसन सुरक्षा, सुविधा और सुरक्षित कार्य वातावरण प्रदान करना है।
वर्कशॉप ने हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम उठाया है। एक कंडेम्ड कैंप कोच से प्राप्त सौर मॉड्यूल को नए कैंटीन भवन की छत पर स्थापित किया गया है। इनसे उत्पन्न सौर ऊर्जा का उपयोग बैटरी चालित प्लेटफॉर्म ट्रकों को चार्ज करने में किया जा रहा है। इससे नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ वर्कशॉप के कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में मदद मिलेगी।
पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने डिब्रूगढ़ वर्कशॉप का निरीक्षण कर विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कोचों और माल वैगनों के पीओएच तथा आईओएच सहित रखरखाव गतिविधियों का जायजा लिया। अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत के दौरान उन्होंने सुरक्षा, गुणवत्ता और दक्षता के उच्च मानकों का पालन करने तथा समय पर रखरखाव के साथ परिचालन योग्य रोलिंग स्टॉक की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने वर्कशॉप में चल रहे बुनियादी ढांचा विस्तार कार्यों की भी समीक्षा की और सुरक्षा एवं गुणवत्ता पर ध्यान देते हुए इन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने तिनसुकिया मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं, स्टेशन बुनियादी ढांचे और स्वच्छता की समीक्षा की तथा यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार और रेलवे परिसंपत्तियों के प्रभावी रखरखाव पर जोर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

